मोहाली। फेज-2 स्थित श्री राधा कृष्ण मंदिर एवं धर्मशाला में सिद्ध बाबा बालकनाथ की मूर्ति स्थापना के 11 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सोमवार को श्री महाशिव पुराण कथा का शुभारंभ किया गया। कथा से पहले श्रद्धालुओं ने बैंड-बाजों और जयघोष के साथ कलश यात्रा निकाली। यह यात्रा फेज-1 स्थित गो ग्रास सेवा एवं गो अस्पताल से प्रारंभ होकर मंदिर परिसर तक पहुंची।
कलश यात्रा में महिला संकीर्तन मंडली, मंदिर प्रधान अतुल शर्मा और उनकी टीम सहित भारी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। हर-हर महादेव के उद्घोष और शिव भजनों के साथ श्रद्धालु झूमते नजर आए। मंदिर प्रधान अतुल शर्मा ने बताया कि श्री महाशिव पुराण कथा का आयोजन 23 से 29 जून तक प्रतिदिन शाम 4 से 7 बजे तक किया जाएगा। कथा का वाचन हरिद्वार से पधारे शिव योगी तरुण तपस्वी महामंडलेश्वर स्वामी यमुनापुरी महाराज करेंगे। कथा के समापन पर श्रद्धालुओं के लिए अटूट भंडारे की व्यवस्था की गई।