फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Mohali News: चार दिन से पेयजल संकट, लोगों ने हाईवे जाम कर विरोध जताया

विज्ञापन
विज्ञापन
मोहाली/खरड़। सेक्टर-125 की सबसे बड़ी रिहायशी काॅलोनी न्यू सन्नी एनक्लेव में चार दिन से पानी का संकट बना हुआ है। शनिवार को बेहाल लोगों का सब्र का बांध टूट गया। नाराज लोगों ने प्रदर्शन कर खरड़ हाईवे पर गोपाल जंक्शन जाम कर दिया। नाराज लोगों का कहना था कि पानी न आने से उनकी जिंदगी नरक बन चुकी है। जिला प्रशासन कोई सुनवाई नहीं कर रहा है। दूसरी तरफ लोग टैंकरों के पानी पर निर्भर हैं। जाम के कारण हाईवे पर लंबा जाम लग गया। शनिवार दोपहर तक करीब सौ टैंकर पानी की आपूर्ति हो चुकी थी, इसके बाद भी किल्लत बनी हुई है। रुपये खर्च करने के बावजूद लोगों को टैंकरों का भी पानी उपलब्ध नहीं हो पा रहा है।
विज्ञापन

प्रदर्शन के दौरान मौके पर मौजूद पार्षद हरिंदर पाल सिंह जौली, आरडब्ल्यूए के प्रधान पवितर पाल सिंह बराड़, हरप्रीत सिंह, मनु शर्मा समेत बड़ी संख्या में मौजूद निवासियों ने बताया कि सुबह चार बजे से टैंकर खरीदकर घरों की टंकियां भरनी पड़ रही हैं। निवासियों ने पंजाब सरकार और जिला प्रशासन से मांग की है कि सेक्टर को नगर परिषद खरड़ के अधीन लाकर नियमित पानी और बिजली व्यवस्था तुरंत सुनिश्चित की जाए। लोगों का कहना है कि रोज का संघर्ष जब सत्ता के गलियारों तक पहुंचेगी तभी राहत मिलेगी। लोगों का आरोप है कि बाजवा डेवलपर की ओर से बिजली मीटर लगाने की बजाय कुंडी कनेक्शन से ट्यूबवेल चलाकर पानी सप्लाई की जा रही थी। बिजली विभाग की कार्रवाई में यह पकड़ा गया और जुर्माना भी किया गया। इस कारण बिजली सप्लाई ठप हो गई है। लोगों का कहना है कि गलती बिल्डर की और सजा उनको भुगतनी पड़ रही है। वे लोग हर माह बिल्डर को पानी का बिल देते हैं।

बिल्डर जेल में, अधिकारी सुनते नहीं
लोगों का कहना है कि बिल्डर पहले ही जेल में है। नगर परिषद खरड़ के अधीन यह क्षेत्र न आने के कारण उनकी बात सुनने वाला कोई नहीं है। डेवलपमेंट ठप है, अधिकारी जिम्मेदारी एक-दूसरे पर डाल देते हैं। अब कॉलोनी पूरी तरह बदहाल स्थिति में पहुंच चुकी है। धरने के दौरान निवासियों ने मांग की कि उनके इलाके को बसे हुए काफी समय हो चुका है लेकिन अभी तक इसको नगर परिषद में शामिल नहीं किया गया है। अगर इलाका परिषद में शामिल होता तो शायद आज यह परेशानी नही आती। उन्होंने कहा कि हैरानी की बात यह है कि इलाके में जब घर बने थे तो उनके घरों के नक्शे परिषद ने पास किए थे। यही नहीं इलाके में नगर परिषद के पार्षद भी हैं। इसके बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है।
विज्ञापन


आश्वासन मिलने पर धरना उठा
प्रदर्शनकारियों ने बताया कि मौके पर पहुंचे बाजवा डेवलपर के प्रतिनिधियों ने ट्यूबवेल पर जनरेटर लगाकर तत्काल दो बार पानी की सप्लाई शुरू करने का आश्वासन दिया। साथ ही समस्या के स्थायी हल का भरोसा भी दिया। इसके बाद लोगों ने जाम हटाया, मगर चेतावनी दी कि यदि पानी की सप्लाई बहाल नहीं हुई तो फिर से आंदोलन होगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें