लांडरा-बनूड़। बनूड़ स्थित चंडीगढ़ डिस्टिलरीज एंड बॉटलर्स नामक शराब फैक्ट्री के भूसे के गट्ठरों में सोमवार शाम करीब 7:45 बजे भयानक आग लग गई। आग लगते ही ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर इकट्ठा हो गए।
आग की सूचना मिलते ही राजपुरा, मोहाली, डेराबस्सी, सरहिंद सहित आसपास के क्षेत्रों से करीब एक दर्जन फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों को आग पर काबू पाने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। रात 9 बजे तक आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका था और राहत कार्य जारी था।
शराब फैक्ट्री नजदीक होने के कारण दमकल विभाग की टीमें आग को फैक्ट्री परिसर की ओर फैलने से रोकने में जुटी रहीं। फैक्ट्री अधिकारी एचएस संधू ने बताया कि आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। वहीं पुलिस अधिकारियों ने कहा कि आग पर नियंत्रण पाया जा रहा है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है। इस हादसे में टनों की मात्रा में रखा भूसा पूरी तरह जलकर राख हो गया।