मोहाली। बलौंगी के आदर्श नगर में मामूली कहासुनी के बाद 23 वर्षीय युवक की दातर से हत्या कर दी गई, जबकि उसके दो दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए। हमलावर ने एक युवक की गर्दन और दो के टांग व बाजू पर दातर से हमला किया। मृतक की पहचान आदर्श नगर निवासी अभिषेक के रूप में हुई है। घायल युवकों की पहचान ज्योति और प्रशांत के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी मनीष कुमार के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
अभिषेक इंडस्ट्रियल एरिया फेज-8 में वेब डिजाइनिंग का काम करता था। बुधवार रात करीब 12 बजे वह अपने दोस्तों ज्योति, प्रशांत और अन्य साथियों के साथ पार्टी कर रहा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर अभिषेक के दोस्तों की मनीष कुमार के साथ बहस हो गई। इसके बाद मनीष कुमार को बातचीत के लिए बुलाया गया, लेकिन वह पहले से ही हमला करने की नीयत से अपने साथ दातर लेकर पहुंचा था। मृतक के भाई दीपक कुमार ने बताया कि बातचीत के दौरान जब मनीष कुमार से यह पूछा गया कि वह उनके दोस्तों के पिता को गालियां क्यों देता है, तो वह गुस्से में आ गया। इसके बाद उसने अचानक अभिषेक की गर्दन पर दातर से वार कर दिया। हमले में ज्योति और प्रशांत भी बुरी तरह घायल हो गए। आरोपी ने दोनों की बाजू और टांग पर भी दातर से कई वार किए। वारदात के बाद आरोपी मौके से भाग हो गया।
घटना के बाद अभिषेक के दोस्तों ने उसे तुरंत सिविल अस्पताल फेज-6 पहुंचाया। डॉक्टरों ने अस्पताल पहुंचने पर उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल ज्योति को जीएमसीएच-32 और प्रशांत को पीजीआई रेफर किया गया है। दोनों की हालत चिंताजनक बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार आरोपी मनीष कुमार टैक्सी चलाने का काम करता था। वह पहले भी बिहार में हत्या की वारदात को अंजाम देकर यहां आया था। हत्या के बाद उसके दिल्ली भागने की जानकारी सामने आई है। एसएचओ बलौंगी पैरीविंकल ग्रेवाल अपनी टीम के साथ आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दिल्ली में दबिश दे रहे हैं।
मनीष कुमार के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस टीम लगातार छापे मार रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। - पैरीविंकल ग्रेवाल, एसएचओ बलौंगी