मोहाली। सोशल मीडिया पर सस्ते बिजनेस क्लास टिकट का लालच देकर लुधियाना के एक दंपती ने नाभा के जुनेजा परिवार से 4.50 लाख रुपये ठग लिए हैं। पुलिस ने पीड़ित परिवार की शिकायत पर आरोपी लुधियाना निवासी दंपती दीपक राज और उसकी पत्नी पत्नी सारू के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपी दंपती ने पीड़ित परिवार को एयर इंडिया और केएलएम एयरलाइंस के टिकटों के साथ लंदन होटल की फर्जी बुकिंग भी थमा दी। जब परिवार ने इनकी जांच की तो टिकट और होटल कन्फर्मेशन दोनों फर्जी निकले।
शिकायतकर्ता सनी दीप जुनेजा ने बताया कि उसने अपने माता-पिता की कनाडा यात्रा के लिए सोशल मीडिया पर दिखे ट्रैवल एजेंट दंपती से संपर्क किया था। टिकट दिलाने के नाम पर पिता के बैंक अकाउंट से 2.80 लाख रुपये आरटीजीएस के जरिये, फिर एक लाख रुपये एनईएफटी से और होटल बुकिंग के लिए 70 हजार रुपये यूपीआई से ट्रांसफर कराए थे। लेकिन विदेश पहुंचने पर न तो होटल बुकिंग कन्फर्म हुई और न ही वापसी के टिकट।
साइबर क्राइम टीम की जांच में सामने आया कि ठगी की रकम आरोपियों के फेडरल बैंक और इंडियन बैंक अकाउंट्स में गई थी। सबूतों के आधार पर स्टेट साइबर क्राइम थाना, फेज-4 मोहाली ने दंपती पर विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस ने कहा कि मामले की विस्तृत जांच जारी है।