मोहाली। गांव कुंभड़ा में पड़ोसियों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। इस घटना में युवती रजनीश कौर गंभीर रूप से घायल हो गई। सिविल अस्पताल में कराए मेडिकल परीक्षण में युवती के हाथ की हड्डी टूटने की पुष्टि हुई है। पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की पहचान मलकीत सिंह, एकम सिंह, पूजा और लवप्रीत सिंह निवासी गांव कुंभडा के रूप में हुई है।
पीड़िता रजनीश कौर ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि 23 दिसंबर की रात वह अपने माता-पिता के साथ सब्जी बेचकर घर लौट रही थी। घर का गेट खोलते समय पड़ोसी मलकीत सिंह स्कूटर पर आया और हॉर्न बजाने लगा। गेट खोलने में समय लगने पर उसने गाली-गलौच शुरू कर दी। विरोध करने पर विवाद बढ़ गया। इसी दौरान मलकीत सिंह की पत्नी पूजा, बेटा एकम और पड़ोसी लवप्रीत सिंह हाथों में डंडे लेकर आ गए और मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि रजनीश के हाथ, पैर और पीठ पर डंडों से वार किए। उसके माता-पिता को भी पीटा।हमलावरों ने घर के बाहर खड़े ऑटो का शीशा तोड़ दिया और उसमें रखी सब्जी सड़क पर फेंक दी।