जीरकपुर। थाना जीरकपुर पुलिस ने एक महिला की शिकायत पर उसके पति और ससुराल पक्ष के छह सदस्यों के खिलाफ दहेज प्रताड़ना, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मामला दर्ज किया है। शिकायतकर्ता ने जीरकपुर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी शादी 18 फरवरी 2022 को मनदीप कुमार निवासी गांव रेल माजरा जिला नवांशहर (पंजाब) के साथ हुई थी। शादी के कुछ दिन बाद से ही पति मनदीप कुमार, सास प्रकाश कौर, जठानी बीना देवी, जेठ भिखू, ताई सास बिमला देवी और बुआ सास अंबे देवी ने उसे दहेज के लिए प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। पीड़िता ने बताया कि उसके पिता ने अपनी हैसियत के अनुसार शादी में एक छोटी गाड़ी दी थी, लेकिन ससुराल पक्ष बड़ी गाड़ी और रुपयो की मांग करते रहे। जब उसने इंकार किया तो पिटाई कर उसको गालियां दी गईं। महिला ने बताया कि करीब एक साल पहले भी ससुराल वालों ने उसके साथ बुरी तरह मारपीट की थी, जिसके बाद उसके पिता उसे अपने घर ले आए थे। बाद में पंचायत के हस्तक्षेप से वह फिर ससुराल चली गई, लेकिन प्रताड़ना बंद नहीं हुई। पुलिस ने पति मनदीप कुमार, सास प्रकाश कौर, जठानी बीना देवी, जेठ भिखू, ताई सास बिमला देवी और बुआ सास अंबे देवी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।