जीरकपुर। बनूड़-जीरकपुर रोड पर एक सड़क हादसे में कैंटर चालक की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब कैंटर चालक सड़क किनारे खड़ा था। उसी समय तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हरभेज सिंह निवासी गांव बच्ची विंड, राजासांसी जिला अमृतसर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका छोटा भाई बलजीत सिंह उर्फ सीतू (करीब 45 वर्ष) कैंटर चालक था। 11 फरवरी की शाम करीब 7:30 बजे वह अमृतसर से कैंटर लेकर बनूड़-जीरकपुर रोड स्थित गांव छत के पास कुमार फैमिली ढाबा पहुंचा था। बलजीत सिंह ने अपना कैंटर ढाबे के सामने कच्ची जगह पर खड़ा किया और स्वयं सड़क किनारे खड़ा था।
इसी दौरान बनूड़ की तरफ से तेज रफ्तार एक अज्ञात वाहन चालक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गया। घटना के बाद राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सड़क सुरक्षा फोर्स के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और घायल बलजीत सिंह को सिविल अस्पताल डेराबस्सी पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। थाना जीरकपुर के जांच अधिकारी एएसआई बलजीत सिंह ने बताया कि मृतक के भाई हरभेज सिंह के बयानों के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपी चालक की पहचान का प्रयास कर रही है।