लालडू। अंबाला कालका रेल मार्ग पर दप्पर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म और ट्रेन के बीच गिरकर करीब 25 वर्षीय यात्री की मौत हो गई। मृतक के पास से मिले आधार कार्ड पर सोनू पुत्र अयोध्या प्रसाद गांव नरदोना, थाना मियागंज, जिला फैजाबाद, उत्तर प्रदेश लिखा है।
रेलवे चौकी इंचार्ज मनोहर लाल ने बताया कि उन्हें रविवार तड़के 4:30 बजे दप्पर के स्टेशन मास्टर द्वारा सूचित किया गया कि अज्ञात युवक की लाश स्टेशन के पास बरामद हुई है। मौके से पता चला है कि ट्रेन नंबर 14631 पीछे से आ रही ट्रेन को पास देने के लिए 2:55 पर अप लूप लाइन नंबर एक प्लेटफार्म पर रुकी थी। युवक इसी ट्रेन में सवार था जो प्लेटफार्म और ट्रेन के बीच गिरकर फंस गया और बुरी तरह कुचला गया। उसकी टांगें और घुटने बुरी तरह कुचले हुए थे। जबकि प्लेटफार्म की किनारी मुंह पर लगने से चेहरे पर भी बड़ा जख्म था। पुलिस ने बॉडी को 72 घंटे के लिए डेराबस्सी के सिविल अस्पताल में रखवा दिया है