मोहाली। पंजाब मंडी बोर्ड ने राज्य में नई मंडियां बनाने और मंडियों के आधुनिकीकरण पर दो साल में 231 करोड़ खर्च कर चुका है। बोर्ड के काम में पारदर्शिता होने के चलते मंडी बोर्ड की आमदनी दोगुनी हो गई है, जिसमें अब और बढ़ोतरी होगी। पंजाब मंडी बोर्ड के चेयरमैन अजमेर सिंह लखोवाल ने वीरवार को यह दावा किया। वे मार्केट कमेटी खरड़ के चेयरमैन जसवीर सिंह जस्सा और यूथ अकाली दल के उप प्रधान अगुवाई में करवाए गए समारोह में शामिल होने पहुंचे थे, जहां उन्हें तीसरी बार चेयरमैन बनने के लिए सम्मानित किया गया।
लखोवाल ने कहा कि फेज-11 में बन रही मंडी में आधुनिक फल व सब्जी मंडी का काम 30 नवंबर तक पूरा कर लिया जाएगा। 14 माडर्न मंडियां बनाई जा रही हैं, जिनमें पांच मंडियों का काम पूरा हो चुका है। उन्होंने बताया कि मंडियों में जहरीली सब्जियां न आए। इसके लिए लैब बनाई जाएगी। इससे पहले उन्होंने फेज-11 की मंडी का दौरा किया। इस दौरान आढ़ती वेलफेयर एसोसिएशन मोहाली के प्रधान जसबीर सिंह की अगुवाई में एक दल ने नई बन रही मंडी में कम कीमत पर दुकानें अलॉट करने की मांग उठाई।