मोहाली। वेरका ने अपनी लस्सी और खीर के दामों में मात्रा के साथ वृद्धि कर दी है। त्योहारों के मौसम के बाद आए इस बदलाव से उपभोक्ताओं की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ेगा। वेरका ने दोनों उत्पादों पर प्रति पैक पांच रुपये की वृद्धि की है। वेरका ने लस्सी की कीमत में 5 रुपये की वृद्धि की है। पहले 800 एमएल लस्सी 30 रुपये में मिलती थी, जो अब 900 एमएल मात्रा के साथ 35 रुपये में उपलब्ध होगी। इस तरह ग्राहकों को 5 रुपये अधिक खर्च करने पर 100 एमएल लस्सी अधिक मिलेगी। खीर के दाम में भी पांच रुपये की वृद्धि की गई है। पहले 180 ग्राम खीर 20 रुपये में मिलती थी, जिसे अब 200 ग्राम मात्रा के साथ 25 रुपये कर दिया गया है। ग्राहकों को पांच रुपये की वृद्धि के बदले 20 ग्राम खीर अधिक दी जा रही है। डेयरी क्षेत्र के जानकारों के अनुसार दूध की खरीद लागत और कच्चे माल के मूल्य में वृद्धि के कारण कंपनियों को अक्सर उत्पादों की कीमतों में संशोधन करना पड़ता है। वेरका ने यह बदलाव करके जहां अपने खर्चों को समायोजित किया है, वहीं मात्रा बढ़ाकर ग्राहकों को भी आंशिक राहत देने का प्रयास किया है। यह नई दरें तत्काल प्रभाव से लागू हो गई हैं।