मोहाली। जिले में कोरोना महामारी की रफ्तार बेकाबू हो गई है। शुक्रवार को जहां नौ लोगों की मौत हो गई, वहीं 927 लोग महामारी की चपेट में आए हैं। मोहाली शहरी एरिया, ढकोली और खरड़ में सबसे अधिक मरीज सामने आ रहे हैं, जो कि प्रशासन के लिए सिरदर्दी है। डीसी गिरीश दियालन ने लोगों को हिदायत दी है कि वह विकली लॉकडाउन का पालन करें। नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी। डीसी ने कहा कि कोरोना गाइडलाइन का पालन करने में जब सभी लोग सहयोग करेंगे, तभी इस महामारी को मात दी जा सकती है।
जानकारी के मुताबिक कोरोना महामारी से जान गंवाने वाले लोगों के बारे में ज्यादा जानकारी प्रशासन साझा नहीं कर रहा है। जबकि शुक्रवार को संक्रमित होने वालों में डेराबस्सी के 129, ढकोली के 252, लालड़ू के 29, बूथगढ़ के 29, घडुआं के 53, खरड़ के 102, कुराली के 19, बनूड़ के 25 और मोहाली शहरी इलाके के 289 लोग शामिल हैं। इस दौरान 781 लोग महामारी को मात देकर तंदुरुस्त हुए हैं। इसके साथ ही जिले में अब तक कोरोना के कुल 52857 लोग संक्रमित हुए हैं। इनमें से 43144 लोग ठीक हो चुके हैं। अभी जिले में 9047 सक्रिय मरीज हैं। जबकि 666 मरीजों की महामारी से जान जा चुकी है।
सरकारी अस्पताल में नहीं बचे खाली बिस्तर
जानकारी के मुताबिक मोहाली के सरकारी असप्ताल में 120 बिस्तर हैं, यह सभी मरीजों के लिए बुक हो चुके हैं। एक भी बिस्तर खाली नहीं है। जिले में ऑक्सीजन बैड की संख्या 820 है और इनमें से 22 बैड खाली रह गए हैं। जबकि आईसीयू बैड बिना वेंटिलेटर की संख्या 277 है, यह सभी भरे हुए हैं। इसी तरह वेंटिलेटर वाले आईसीयू बैड की कुल संख्या 137 है। इनमें से 6 बैड खाली हैं। यह सभी निजी अस्पतालों में हैं। जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वह हेल्पलाइन नंबर 104 से सेहत से जुड़ी जानकारी लेने के अलावा बैड और एंबुलेंस आदि की सुविधा के लिए कॉल कर सकते हैं।
जीरकपुर की निर्मल छाया सोसायटी माइक्रो कंटेनमेंट जोन घोषित
जिला प्रशासन ने जीरकपुर में वीआईपी रोड पर स्थित निर्मल छाया सोसायटी को माइक्रो कंटेनमेंट जोन बनाया है। वहां पर 15 कोविड के केस आने पर यह स्थिति बनी है। डीसी ने कहा है कि सिविल सर्जन संक्रमित मरीजों की जांच करें। पुलिस मुलाजिम लोगों पर नजर रखें और नियमों का पलान करवाएंगे।