सड़क हादसे में घायल मनीमाजरा निवासी की मौत
डेराबस्सी। चंडीगढ़-अंबाला मुख्य मार्ग पर नौ मार्च को सड़क हादसे में घायल हुए व्यक्ति की उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान 43 वर्षीय सुनील कालरा निवासी मनीमाजरा के रूप में हुई है।
पुलिस जांच अधिकारी एएसआई नरिंद्र कुमार ने बताया कि सुनील कुमार नौ मार्च को अंबाला से सेंट्रो कार पर अपने घर मनीमाजरा जा रहा था। वह मुख्य मार्ग पर भूषण फैक्टरी के पास पहुंचा तो उसकी कार की टक्कर गलत दिशा से आ रही इनोवा गाड़ी से हो गई। सुनील गंभीर रूप से घायल हो गया जिसको चंडीगढ़ सेक्टर-32 अस्पताल ले जाया गया, जहां से परिवार उन्हें पंचकूला के निजी अस्पताल में ले गए। रविवार शाम को उनकी मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के भाई अनिल कालरा निवासी मनीमाजरा के बयान पर अज्ञात इनोवा चालक के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। एएसआई नरिंद्र कुमार ने बताया कि राहगीरों ने आरोपी चालक की गाड़ी का नंबर नोट कर पुलिस को दे दिया है। आरोपी की तलाश की जा रही है।