खरड़-मोहाली हाईवे पर निर्माणाधीन फ्लाईओवर बना मुसीबत
जाम के चलते लोगों को पांच से दस मिनट का सफर तय करने में लग रहा पौना घंटा
रोजाना हो हरे झगड़े, ट्रैफिक पुलिस जाम से निजात दिलाने में हुई फेल
अमर उजाला ब्यूरो
खरड़। खरड़-मोहाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर निर्माणाधीन फ्लाईओवर लोगों के लिए मुसीबत बना हुआ है। खरड़ में रोजाना जाम लगने से पांच से दस मिनट का सफर तय करने में लोगों को आधे से पौने घंटे का समय लगता है। इतना ही नहीं इस वजह से रोजाना लोगों के झगड़े तक हो रहे हैं। वहीं, ट्रैफिक पुलिस यातायात को सुचारु ढंग से चलाने में फेल साबित हो रही है।
खरड़-मोहाली हाईवे पर बने क्रासिंग सन्नी एनक्लेव, झुग्गियां रोड, सिटी व थाना सदर वाली क्रासिंग पर रोजाना यातायात जाम के कारण वाहन चालक आपस में झगड़ते देखे जा सकते हैं। सिटी व सदर क्रासिंग पर मार्केट से आने वाले लोगों को अपने वाहनों को मुख्य सड़क पर चढ़ाने के लिए काफी जद्दोजहद करनी पड़ती है। हाईवे पर किसी भी मेन क्रासिंग प्वाइंट पर पुलिस कर्मचारियों की तैनाती न होने से जाम लग रहा है। कांग्रेस नेता परमिंदर सोना, खरड़ यूथ क्लब के प्रधान अमरीक सिंह हैप्पी, सिटीजन वेलफेयर काउंसिल के प्रधान एडवोकेट केके शर्मा, मनप्रीत सिंह काका सैनी ने जिला एसपी ट्रैफिक से मांग की कि खरड़-मोहाली हाईवे पर बेहद जरूरी क्रासिंग प्वाइंट पर ट्रैफिक पुलिस कर्मचारी तैनात किए जाएं ताकि यातायात को सुचारु ढंग से चलाया जा सके।
रांग साइड से आते हैं वाहन चालक
खरड़ बस स्टैंड के पास जब जाम लगता है तो कई चालक रांग साइड से अपने वाहनों को तेज रफ्तार मेें लेकर आते हैं जिस कारण सही दिशा से आ रहे वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। खरड़ ट्रैफिक पुलिस के एएसआई कुलविंदर सिंह को जब मीडिया कर्मियों द्वारा यह बताया गया कि मोहाली की ओर से आ रहे वाहन सड़क की दायीं साइड दो-दो लाइनें बना कर खड़े हैं तो इनका कहना था कि अभी उसके पास टाइम नहीं है, वह बाद में आकर देखेंगे। ऐसे में अधिकारी ने रांग साइड से आ रहे वाहन चालकों के चालान काटना जरूरी नहीं समझा।