अब किताबों के लिए विद्यार्थियों को नहीं होगी परेशानी
पीएसईबी ने किताबें विद्यार्थियों को पहुंचाने के लिए बनाया नया प्लान
10 लाख किताबें डिपुओं में पहुंची, जल्दी शुरू होंगे नए पांच डिपो
अमर उजाला ब्यूरो
मोहाली। अप्रैल में होने वाले नए एजुकेशनल सेशन में इस बार किताबों के लिए विद्यार्थियों को धक्के नहीं खाने पड़ेंगे। पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड (पीएसईबी) ने विद्यार्थियों की सुविधा के लिए जहां किताबें अभी से डिपुओं में पहुंचाना शुरू कर दी है वही, पांच नए डिपो अप्रैल माह से शुरू करने का फैसला लिया है। बोर्ड के चेयरमैन मनोहर कांत ने बताया कि विद्यार्थियों की सुविधा के लिए बोर्ड हर समय तैयार है। बोर्ड अब इंटरनेशनल बोर्ड की तर्ज पर काम कर रहा है।
विद्यार्थियों को किताबें तय समय से मुहैया करवाई जाएं। इसी मामले को लेकर बुधवार को पीएसईबी के चेयरमैन मनोहर कांत की अगुवाई में अधिकारियों की एक अहम मीटिंग हुई। जिसमें तय किया गया कि बोर्ड द्वारा इस बार 322 टाइटल पाठ्य पुस्तकों की बिक्री की जानी है। जिनकी गिनती लगभग पचास लाख बनती है। जिनमें से 282 टाइटल की पुस्तकें दस क्षेत्रीय डिपुओं में स्टाक कर दी गई हैं। इनकी संख्या चालीस लाख बनती है। दस लाख किताबें जल्दी ही डिपुओं में पहुंचा दी जाएंगी। जिन डिपुओं पर किताबें पहुंचाई गई हैं उनमें अमृतसर, बठिंडा, होशियारपुर, जालंधर, मोहाली, मोगा, पठानकोट, पटियाला, रूपनगर व शहीदभगत सिंह नगर शामिल है। पांच नए डिपो स्थापित किए जा रहे हैं। इनमें फतेहगढ़ साहिब, गुरदासपुर, मुक्तसर साहिब, लुधियाना व संगरूर हैं। यह काम पंद्रह मार्च तक पूरा किया जाएगा। अप्रैल से पहले किताबें विद्यार्थियों को मुहैया करवा दी जाएंगी।
जिक्रयोग है कि किताबों को लेकर हर साल विद्यार्थियों को मुश्किल उठानी पड़ती थी। जिसके चलते बोर्ड इस बार पूरी प्लानिंग से जुटा हुआ है। स्कूलों से पहले किताबों के आर्डर मंगवाए गए थे जिसके बाद किताबें छापने की कार्रवाई शुरू की गई थी।