नगर निगम की मीटिंग आज, हंगामेदार रहने के आसार
15 करोड़ रुपये के घाटे वाला बजट होगा पेश, जीएसटी से छह हजार लाख कमाने का लक्ष्य
24 से 40 लाख होगी लाइसेंस फीस
अमर उजाला ब्यूरो
मोहाली।
नगर निगम की सोमवार को होने वाली हाउस की मीटिंग हंगामेदार रहने के आसार हैं। इस दौरान जहां एक ओर सालाना बजट पास होना है, वहीं दूसरी ओर मीटिंग में कुछ ऐसे प्रस्ताव आने वाले हैं जिसका पार्षद खुलकर विरोध कर सकते हैं। यहां तक की लोगों का कहना है कि करीब तीन साल हो गए हैं, नगर निगम की कार्यकारिणी बने होने के बावजूद अब तक कोई सुधार नहीं हुआ है।
इस बार जीएसटी से 6 हजार लाख रुपये जुटाएगा निगम
नगर निगम की ओर से साल 2018-19 बजट में जीएसटी से 6000 लाख रुपये का प्रस्तावित बजट रखा जाएगा। नगर निगम को उम्मीद है कि आने वाले साल में यह रकम जुटा ली जाएगी। इससे पहले साल 2017-18 में वैट से 5700.00 लाख रुपये प्राप्त करने का लक्ष्य रखा गया था। जिसमें 30 जून 2017 तक वैट से 1475.38 लाख रुपये प्राप्त हुए थे। इसके बाद 1-7-2017 से बाद सरकार द्वारा जीएसटी लागू किया गया। इसके बाद 31-12-2017 तक 2665.87 लाख रुपये की आमदनी नगर निगम को हुई। निगम को उम्मीद है कि जो लक्ष्य 2017-2018 में रखा गया था, वह आने वाले दिनों में पूरा कर लिया जाएगा।
वाटर सप्लाई और सीवरेज से होगी 130 लाख की आय
नगर निगम को इस बार फिर 130.00 लाख रुपये की आमदनी वाटर सप्लाई और सीवरेज से मिलने की उम्मीद है। नगर निगम की ओर से 2017-18 का बजट भी इसी रकम का रखा गया था। इसमें से निगम को दिसंबर 2017 तक 71.66 लाख रुपये की आमदनी आ चुकी है और मार्च 2018 तक 110 लाख रुपये होने की उम्मीद है। इस आधार पर नगर निगम ने फिर से सोमवार को होने वाली बजट मीटिंग में 130.00 लाख रुपये का ही प्रस्तावित लक्ष्य एजेंडा में रखा है।
24 से 40 लाख हुई लाइसेंस फीस
बजट मीटिंग में साल 2018-19 के दौरान नगर निगम की ओर से लाइसेंस फीस में गत वर्ष की फीस में बढ़ोतरी की है। गत वर्ष बजट में लाइसेंस फीस 24 लाख रुपये रखी गई थी, जो बढ़ाकर 40 लाख कर दी गई है। हालांकि गत वर्ष की फीस में से निगम को अब तक दिसंबर 2017 तक 15.08 लाख रुपये ही प्राप्त हुए हैं और 24 लाख रुपये का लक्ष्य पूरा होने की उम्मीद है।
15 करोड़ रुपये के घाटे का बजट होगा पेश
नगर निगम की सोमवार को होने वाली मीटिंग में आने वाले साल का बजट 15 करोड़ 23 लाख 50 हजार रुपये के घाटे वाला होगा। इस संबंध में साल 2018-19 के लिए तैयार बजट में नगर निगम की कुल आय 11293.50 लाख रुपये के मुकाबले अगले वित्तीय वर्ष में खर्च 12817 लाख रुपये होने का अनुमान लगाया गया है। अगर आमदनी और खर्चे का हिसाब देखा जाए तो नगर निगम को होने वाली आमदनी में मुख्य हिस्सा जीएसटी का है। इसके अलावा प्रापर्टी टैक्स व फायर सेस आदि शामिल हैं। इस बार के बजट में गत वर्ष से करीब 13 करोड़ रुपये की आमदनी ज्यादा करने का लक्ष्य रखा गया है। जबकि साल 2017-18 की आमदनी का लक्ष्य 100.40 करोड़ रुपये रखा गया था।