राज्य को टूरिज्म हब के रूप में विकसित करेंगे : सिद्धू
- एडवेंचर ड्राइव के शुभारंभ के मौके पर कैबिनेट मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू बोले
- राज्य में कई अन्य स्थानों को भी टूरिज्म की दृष्टि से विकसित किया जा रहा है
अमर उजाला ब्यूरो
न्यू चंडीगढ़/मोहाली।
राज्य सरकार टूरिज्म को प्रोत्साहित करने के लिए हर संभव प्रयास करेगी। राज्य में सैर सपाटे के लिए अच्छे अवसर हैं। इसके लिए राज्य को सैर सपाटे के हब के रूप में विकसित किया जा रहा है। यह बात सैर सपाटा एवं सभ्याचारक मामलों के मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू ने कही। वह जंगलात व जंगली जीव सुरक्षा, सैर सपाटा व सभ्याचारक मामलों के विभाग की तरफ से एडवेंचर ड्राइव को हरी झंडी दिखाने पहुंचे थे। यह प्रोग्राम देश की नामवर गरारी ऑफ रोड्स चंडीगढ़ के सहयोग से करवाया गया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि ऐसी ड्राइव साल में केवल एक बार नहीं, बल्कि राज्य में तीन-चार बार अलग-अलग जगह पर होना जरूरी है। इसके लिए रज्य सरकार हर प्रकार से मदद करेगी। उन्होंने कहा कि ऑफ रोडिंग मुकाबले बहुत ही दिलचस्प होते हैं। उन्होंने कहा कि उनके लिए सम्मान की बात है कि शिवालिक एडवेंचर ड्राइव पहली बार करवाई जा रही है। एडवेंचर ड्राइव में देश के विभिन्न इलाकों से आए 60 ड्राइवर हिस्सा ले रहे हैं। इसके अलावा महिला चालक भी अपनी किस्मत आजमा रहीं हैं।
हरेक हलके में लगेंगे 15 हजार पौधे
सिद्धू ने कहा कि राज्य में वातावरण की स्वच्छता व पानी बचाओ के लिए विशेष मुहिम चलाई जाएगी। इसके लिए निगम की तरफ से स्पेशल तैयारी की जा रही है। उन्होंने बताया कि अगस्त महीने में राज्य में वातावरण की स्वच्छता के लिए पौधे लगाए जाएंगे। हर हलका विधायक की अगुवाई में 10 से 15 हजार पौधे लगाए जाएंगे।
भूजल की कमी बनी खतरा
सिद्धू ने हरेक वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाने की जरूरत पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पानी का स्तर काफी नीचे चला गया है। जो कि खतरे की घंटी है। उन्होंने कहा कि वाटर हार्वेस्टिंग के लिए वर्करों की कमी है। जिसे दूर करने के लिए प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि गांवों के छप्पड़ों से अवैध कब्जे दूर किए जाएंगे, ताकि बरसात के दिनों में किसी तरह की परेशानी न हो।