खरड़/न्यू चंडीगढ़। चंडीगढ़-बद्दी हाईवे पर सिसवां डैम के पास केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (सीबीएन) नीमच की टीम ने नशीली दवाओं से भरा ट्रक पकड़ लिया। ट्रक से करीब 67.80 लाख नशीली गोलियां व कैप्सूल बरामद किए गए। कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई। मामले में ट्रक सवार एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी की पहचान जितेंद्र यादव निवासी शिव हरि मंदिर कॉलोनी, मेरठ (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। उसे खरड़ अदालत में पेश किया गया, जहां से एक दिन का रिमांड मिला है। एजेंसी अब यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी खेप किसने भेजी थी और पंजाब में इसकी डिलीवरी किसे दी जानी थी। सीबीएन नीमच के अधीक्षक प्रवीण ढुल ने बताया कि टीम को मिली खुफिया सूचना के आधार पर ट्रक को रोका गया था। तलाशी में बड़ी मात्रा में नशीली दवाएं मिलीं। मामले की जांच जारी है। आरोपी से पूछताछ के आधार पर आगे अन्य लोगों की भूमिका सामने आने की उम्मीद है।
120 पेटियों में मिलीं नशीली दवाएं
सीबीएन अधिकारियों के अनुसार, मध्यप्रदेश की टीम को सूचना मिली थी कि बद्दी से एक ट्रक में नशीली दवाओं की बड़ी खेप पंजाब भेजी जा रही है। सूचना के आधार पर टीम ने हाईवे पर निगरानी बढ़ाई और सिसवां डैम के पास संदिग्ध ट्रक को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान ट्रक में 120 पेटियां मिलीं। इनमें 59 लाख से अधिक अल्प्राजोलम गोलियां, सात लाख से ज्यादा ट्रामाडोल कैप्सूल, 23 हजार से अधिक नाइट्राजेपाम गोलियां और करीब चार सौ क्लोनाजेपाम गोलियां बरामद हुईं। जांच में सामने आया है कि दवाओं की खेप बद्दी से चली थी और इसे पंजाब पहुंचाया जाना था। एजेंसी अब खेप की पूरी सप्लाई चेन खंगाल रही है। ट्रक के दस्तावेज, मालिक, चालक और उसके रूट की जानकारी जुटाई जा रही है। एक ट्रक से इतनी बड़ी मात्रा में नशीली दवाएं मिलने के बाद एजेंसियों को बड़े अवैध नेटवर्क की आशंका है।