मोहाली। पानी बर्बाद करने वालों के खिलाफ वाटर सप्लाई विभाग सख्त हो गया है। विभाग की ओर से गठित टीम ने विभिन्न इलाकों पर जाकर चेकिंग की तो 7 लोग पानी बर्बाद करते हुए मिले। अधिकारियों ने इन्हें मौके पर ही नोटिस दिए और हिदायत दी कि वह दोबारा पानी बर्बाद करते मिले तो उनके चालान काटे जाएंगे। यह सिलसिला आगे भी जारी रहा तो पानी का कनेक्शन तक काटा जाएगा। विभाग ने लोगों से सहयोग की अपील की है। विभाग की टीमों द्वारा लोगों को पानी बर्बाद न करने के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
गर्मियां आते ही वाटर सप्लाई विभाग पानी की बर्बादी रोकने के लिए सख्त हो गया था। इसी कड़ी में विभाग ने तय किया था कि जो व्यक्ति पानी की बर्बादी करेगा उसे पहली बार नोटिस, दूसरी बार दो हजार और तीसरी बार पांच हजार का चालान किया जाएगा। साथ ही पानी का कनेक्शन भी काटा जाएगा। इसके बाद नए सिरे से पानी का कनेक्शन जारी करवाने के लिए उस व्यक्ति को पहले शपथपत्र देना होगा। जिसमें लिखना होगा कि वह पानी की बर्बादी नहीं करेगा। इसके बाद उसे नया पानी का कनेक्शन जारी करने के बारे में सोचा जाएगा।
बिजली की हॉट लाइन भी दे रही जवाब
वाटर सप्लाई विभाग के सूत्रों की मानें तो बिजली विभाग की तरफ से वाटर सप्लाई विभाग में पानी की सप्लाई को बिना किसी रुकावट से चलाने के लिए हॉट लाइन का कनेक्शन दिया हुआ है, लेकिन जब भी मौसम खराब होता है तो हॉट लाइन भी जवाब दे जाती है। ऐसी ही स्थिति का वाटर सप्लाई विभाग को मंगलवार को सामना करना पड़ा था। इसके बाद विभाग ने काफी मुश्किल उठाई थी। करीब छह बजे तक पानी की सप्लाई नहीं चल पाई थी।