वेटर को कार ने मारी टक्कर, मौत
पटियाला रोड पर स्थित रिसार्ट से काम खत्म करके लेबर वापस जा रही थी लुधियाना
अज्ञात कार चालक के खिलाफ पुलिस ने किया केस दर्ज, जांच शुरू
अमर उजाला ब्यूरो
जीरकपुर। शहर के अंदर स्थित मैरिज पैलेसों में बतौर वेटर का काम करने वाले व्यक्ति को एक कार ने टक्कर मार दी, जिसको जीएमसीएच-32 में भर्ती करवाया, लेकिन इलाज दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान राम नरेश निवासी लुधियाना के रूप में हुई है। पुलिस ने केटरिंग ठेकेदार की शिकायत पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज करके कार्रवाई आरंभ कर दी है।
गौरतलब है कि जीरकपुर-पटियाला हाईवे पर लगाई गई स्ट्रीट लाइट्स बंद पड़ी हैं, अगर लाइट्स जलती तो आरोपी कार चालक की कार का नंबर नोट किया जा सकता था।
ठेकेदार अब्दुल जवार निवासी चंडीगढ़ ने पुलिस को बताया कि बीती 9 फरवरी को पटियाला रोड पर स्थित एकेएम रिसार्ट में शादी समारोह था, जिसके चलते उसकी 15 से 20 लोगों की लेबर लुधियाना से यहां पहुंची। रात को समारोह खत्म होने के बाद लेबर वापस जाने के लिए पटियाला रोड पर बस का इंतजार कर रही थी। हुआ यूं कि लेबर को लेने वाली बस दूसरी लेन पर थी, जिसको पकड़ने की लिए लेबर के सदस्य वहां पहुंचने लगे। इसी बीच, लेबर के बीच राम नरेश सड़क क्रॉस करने लगा तो चंडीगढ़ दिशा से आ रही तेज रफ्तार कार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। आरोपी कार चालक हादसे को अंजाम देने के बाद पटियाला की तरफ फरार हो गया।