मोहाली। शहर में कोरोना का संकट गहराया हुआ है। शहरी इलाकों के साथ-साथ अब एक बार फिर गांवों में भी कोरोना के मरीज बढ़ने लगे हैं। जिले में बुधवार को 754 लोग संक्रमित पाए गए और छह लोगों की मौत हो गई है। जिले में अभी कोरोना के सक्रिय मरीजों की संख्या 6965 पहुंच गई। जबकि 517 लोगों की मौत हो चुकी है।
डीसी गिरीश दियालन ने लोगों को नसीहत दी है कि इस बीमारी को हलके में न लें और कोरोना दिशानिर्देशों का पालन जरूर करें। घरों से बाहर जाते समय मास्क जरूर पहनें और भीड़ में जाने से परहेज करें। दुकानों पर सामाजिक दूरी का पालन करेें। इसके साथ ही टीकाकरण भी जरूर करवाए, तभी इस महामारी को मात दी सकती है।
बुधवार को कोरोना से जान गंवाने वाले छह लोगों के बारे में प्रशासन ने ज्यादा जानकारी साझा नहीं की। हालांकि संक्रमित हुए लोगों में डेराबस्सी से 74, ढकोली से 228, लालड़ू से सात, बूथगढ़ से नौ, घडुआं से 60, खरड़ से 82, कुराली से 20, बनूड़ से 10 और अकेले मोहाली से 264 केस सामने आए हैं।
जिला प्रशासन के अधिकारियों के मुताबिक जिन इलाकों में अधिक मरीज आ रहे हैं। वहां पर कंटनेमेंट जोन स्थापित किए जा रहे हैं। वहीं प्रशासन की ओर से सभी सरकारी अस्पतालों में कोविड टेस्ट और कोरोना टीकाकरण की सुविधा मुफ्त दी जा रही है।
जिला प्रशासन की वेबसाइट पर इस संबंधी जानकारी अपलोड की गई। कोई भी व्यक्ति वहां से संपर्क कर सकता है। इसके अलावा मेडिकल से जुड़ी किसी भी तरह की सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर-104 पर संपर्क किया सकता है।
बता दें कि मोहाली जिले में अब तक 38316 कोरोना के केस सामने आ चुके हैं। इनमें से 30805 लोग ठीक हो चुके हैं और अभी 6965 केस सक्रिय हैं।