मोहाली। जिला प्रशासन ने व्यापारियों की 54 लंबित समस्याओं को 30 अगस्त तक निपटाने के निर्देश दिए हैं। यह निर्णय सोमवार को जिला ट्रेडर्स कमीशन की बैठक में लिया गया।
बैठक सहायक आयुक्त अंकिता कांसल और कमीशन के अध्यक्ष रणजीत पाल सिंह की अध्यक्षता में हुई। इसमें विभिन्न विभागों से संबंधित 54 लंबित मामलों पर चर्चा हुई। इनमें से 29 मामले स्थानीय निकाय विभाग से जुड़े हैं। बिजली, जल निकासी, जलभराव और यातायात बाधा जैसी समस्याएं भी उठाई गईं। अंकिता कांसल ने अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर मामलों को निपटाने को कहा। कमीशन के अध्यक्ष रणजीत पाल सिंह ने बताया कि 2 करोड़ रुपये के विकास कार्यों के अनुमान तैयार हो रहे हैं। इन अनुमानों को जल्द साझा कर विकास कार्य शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं।