मोहाली। पुलिस ने जिले के विभिन्न थानों में वर्षों से खड़े जब्त वाहनों को लेकर सख्त रुख अपनाया है। पुलिस ने वाहन मालिकों को अगले 15 दिन के भीतर अपने वाहन छुड़ाने का अंतिम मौका दिया है। ऐसा न करने पर सरकारी नियमों के तहत वाहनों की नीलामी की जाएगी। जिला पुलिस की ओर से पुलिस अधीक्षक ट्रैफिक नवनीत सिंह माहल ने इस संबंध में नोटिस जारी किया है। जिले के 15 पुलिस थानों में कुल 498 वाहन विभिन्न मामलों में जब्त किए गए हैं। इनमें दुर्घटनाओं, ट्रैफिक नियम उल्लंघन और अन्य मामलों में पकड़े गए वाहन शामिल हैं। पुलिस अधीक्षक माहल ने बताया कि इन वाहनों के कारण थानों में जगह की कमी हो रही है। इनके रखरखाव में भी दिक्कतें आ रही हैं। वाहनों की नीलामी के लिए अदालत से आवश्यक आदेश भी प्राप्त किए जा चुके हैं। यह वाहन मालिकों के लिए अपने वाहन छुड़ाने का अंतिम अवसर है।
विभिन्न थानों में जब्त वाहनों की संख्या
मोहाली जिले के 15 पुलिस थानों में कुल 498 वाहन जब्त खड़े हैं। इनमें सर्वाधिक 71 वाहन हंडेसरा थाने में और 66 वाहन ढकोली थाने में हैं। सदर खरड़ थाने में 52 वाहन और फेज-11 थाने में 44 वाहन खड़े हैं। अन्य थानों जैसे मुल्लांपुर, माजरी, सिटी कुराली, सदर कुराली, सिटी खरड़, बलौंगी, नयागांव, फेज-8, आईटी सिटी, डेराबस्सी और लालड़ू में भी बड़ी संख्या में वाहन जब्त हैं।