विधायक ने छात्राओं को किया सम्मानित
लांडरां/बनूड़। गांव कुरड़ी के सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल में बेटी पढ़ाओ बेटी बचाओ स्कीम संबंधी सेमीनार करवाया गया। यह प्रोग्राम सीडीपीओ अरविंदर कौर संधावालियां की प्रधानगी में आयोजित किया गया। इस दौरान विधायक बलबीर सिंह सिद्धू और एसडीएम रूपिंदर पाल सिंह बतौर मुख्य अतिथि मौजूद रहे। इस सेमीनार में बेटी पढ़ाओ बेटी बचाओ स्कीम के तहत नुक्कड़ नाटक पेश किया गया। इस मौके पर स्कूल के विद्यार्थियों ने बेटियों के संबंध में गीत और कविता पेश कर तालियां बटोरी। सीडीपीओ अरविंदर कौर ने बेटी पढ़ाओ बेटी बचाओ स्कीम पर प्रकाश डाला। इस मौके पर क्षेत्र विधायक, एसडीएम व गांव के सरपंच छज्जा सिंह ने अपने विचार रखे और स्कूल की लड़कियों को सम्मानित किया। उन्हें कहा कि अगर लोग जागरूक न हुए तो आने वाले समय में लड़कों के विवाह के लिए लड़की नहीं मिलेगी। उसे कुंवारा ही रहना पड़ेगा। इस मौके पर सरपंच छज्जा सिंह कुरड़ी, राजिंदर सिंह ढोल, पूर्व सरपंच सरवण सिंह, गुलाब और मनजीत सिंह मौजूद थे।