मोहाली। कोरोना वायरस से जंग जीतने के लिए नगर निगम ने पूरी तैयारी कर ली है। करीब 35 लाख रुपये का फंड इस काम के लिए पास किया गया है। 15 लाख रुपये की लागत से दवाइयां, केमिकल, मास्क व सैनिटाइजर खरीदे जाएंगे। इसके साथ ही पूरे शहर को सैनिटाइज किया जाएगा।
यह फैसला मंगलवार को मेयर कुलवंत सिंह की अगुवाई में वित्त एवं अनुबंध कमेटी की बैठक में लिया गया। नगर निगम के कमिश्नर को हिदायत दी गई है कि इस बीमारी को गंभीरता से लेते हुए पूरे शहर को बढ़िया तरीके से सैनिटाइज किया जाए। लगातार फॉगिंग व स्प्रे करने के लिए टीमें तैनात कर दी गई हैं। इस काम के लिए अलग से पांच लाख अलग रुपये पास कर दिए गए।
गुरुद्वारों में बनेगा जरूरतमंदों का खाना
नगर निगम ने अपने स्तर पर जरूरतमंदों व बेघर लोगों को खाना देने के लिए 15 लाख रुपये पास किए हैं। इसके लिए नगर निगम ने शहर के विभिन्न गुरुद्वारों से तालमेल बना लिया है। जरूरतमंद व्यक्ति संबंधित गुरुद्वारों में जाकर खाना खा सकते हैं। जिन गुरुद्वारों से खाने का प्रबंध किया जाएगा उनके बारे में नगर निगम की तरफ से अलग तौर एनाउंसमेंट करवाकर जनता को सूचित किया जाएगा।