मोहाली। पंजाब के सरकारी स्कूलों के बाकी विद्यार्थियों के लिए एक मिसाल कायम करते हुए मोहाली जिले के 34 विद्यार्थियों ने देश के प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग संस्थानों में प्रवेश पाने का मार्ग प्रशस्त किया है।
जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) डॉ. गिन्नी दुग्गल ने बताया कि रितु शर्मा के मार्गदर्शन और अध्यापकों की कड़ी मेहनत से मेरिटोरियस स्कूल मोहाली के 28 विद्यार्थियों और मोहाली के दूसरे सरकारी स्कूलों के छह विद्यार्थियों ने जेईई मेन्स में सफलता प्राप्त की है। यह देश के प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग संस्थानों में प्रवेश पाने के लिए अनिवार्य योग्यता मानदंड है।
उन्होंने आगे बताया कि हरमनप्रीत सिंह ने 99.105, सचिन ने 92.83, जसप्रीत कौर ने 98.11 और अर्शप्रीत कौर ने 89.37 प्रतिशत अंक प्राप्त करके मेरिटोरियस स्कूल मोहाली का नाम रोशन किया है।
सरकारी सीनियर सेकेंडरी मॉडल स्कूल खरड़, एसओई 3बी1 मोहाली से प्रियांशु, एसओई बनूर से करणवीर सिंह, एसओई बकरपुर से जशनप्रीत कौर, सियालबा से साहिलप्रीत सिंह और बूटा सिंह वाला से निशांत थम्मन शामिल हैं।
परियोजना निदेशक रंजीत कौर और उप परियोजना निदेशक बलविंदर सिंह सैनी को बधाई देते हुए डॉ. दुग्गल ने कहा कि उल्लेखनीय प्रदर्शन ने अन्य विद्यार्थियों में भी उच्च स्तर प्राप्त करने के लिए उत्साह पैदा किया है।