मोहाली। अकाली-बीजेपी के उम्मीदवार प्रो. प्रेम सिंह चंदूमाजरा के पक्ष में चुनाव प्रचार के लिए बीजेपी के सीनियर नेता नितिन गडकरी बुधवार को शहर में पहुंचे। उन्होंने एक रैली को संबोधित किया और पाकिस्तान को भी निशाना बनाया। रैली के दौरान उन्होंने कहा कि जल्दी ही पाकिस्तान को जाने वाला पानी रोक दिया जाएगा। इस पानी को पंजाब, हरियाणा और अन्य राज्यों को सप्लाई किया जाएगा। इससे देश में पानी की किल्लत कम हो जाएगी। उन्होंने बताया कि इसके लिए कई प्रोजेक्टों पर काम चल रहा है। इसके अलावा उन्होंने कहा कि नैनादेवी-बंग्गा हाईवे प्रोजेक्ट भी केंद्र सरकार ने पंजाब सरकार को दे दिया है। इससे भी पंजाब के लोगों को फायदा होगा। इसके अलावा उन्होंने अपनी सरकार की उपलब्धियों को आंकड़ों सहित गिनाया। साथ ही कहा कि उनकी सरकार ही देश को तरक्की के राह पर ले जाने में सक्षम है। वह करीब आधे घंटे तक मोहाली में रुके थे।