जीरकपुर। पॉश एरिया कहे जाने वाले वीआईपी रोड के दुकानदारों ने सड़क के ऊपर टेबल और काउंटर लगाकर कब्जा कर रखा है, जिस कारण लोगों को आवाजाही के दौरान मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। शाम को स्थिति इतनी दयनीय बन जाती है कि वाहन चालकों को रास्ता नहीं मिलता और घंटों ट्रैफिक जाम से जूझना पड़ता है। दूसरी ओर, दुकानदारों द्वारा किए अतिक्रमण को हटाने का काम नगर काउंसिल का है, जिसका इस तरफ बिल्कुल ध्यान नहीं।
एप्पल हाइट चौक से अमृतसरी कुल्चा वाली दुकान तक सड़क के दोनों ओर स्थित दुकानदारों द्वारा अतिक्रमण किया हुआ है। दुकानदारों ने अपना सामान सड़क तक सजाया हुआ है और वहां टेबल और बड़े-बड़े काउंटर रखकर दुकानदारी चला रहे हैं। इसका खामियाजा आम पब्लिक को भुगतना पड़ रहा है। शाम को स्थिति ऐसी होती है कि सड़क के ऊपर पड़े सामान की वजह से वाहन चालकों को गंतव्य तक पहुंचने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ती है।
जुर्माने का है प्रावधान
शहर के दुकानदार सड़कों पर अतिक्रमण न करें, इसके लिए कानून बनाया गया है। नियम के अनुसार, अगर कोई दुकानदार अपनी दुकान के बाहर किसी रेहड़ी या कोई काउंटर रखकर दुकानदारी करता है तो उसके खिलाफ जुर्माने का प्रावधान है। दूसरी ओर, शहर के दुकानदारों द्वारा किए गए कब्जों की तरफ नजर मारी जाए तो ये कानून केवल कागजों तक ही सीमित होते दिखाई देते हैं। हकीकत इसके उल्ट है।
ये कहा लोगों ने
वीआईपी रोड की सड़क देखने में तो खुली लगती है, परंतु शाम को दुकानदारों द्वारा अतिक्रमण किए जाने के बाद यह सड़क मात्र 15 से 20 फुट तक सिमट कर रह जाती है। नगर काउंसिल को चाहिए कि शाम को राउंड लगाकर दुकानदारों द्वारा किए कब्जों को खाली करवाया जाए ताकि लोगों को परेशानी न हो।
-हरमन।
दुकानदारों द्वारा किए जाने वाले अतिक्रमण के खिलाफ नगर काउंसिल के अधिकारियों को सख्त से सख्त कार्रवाई करके जुर्माना किया जाना चाहिए, ताकि भविष्य में कोई व्यक्ति सड़क पर कब्जा करने से पहले दस बार सोच ले।
-रूपिंदर बावा।
पब्लिक द्वारा प्रशासन को करोड़ों रुपये के रूप में टैक्स दिया जाता है, ताकि जनता को बुनियादी सुविधाएं मुहैया करवाई जा सकें, लेकिन दुकानदारों द्वारा किए जाने वाले अवैध कब्जों के खिलाफ प्रशासन कोई कार्रवाई नहीं करता, जो गलत है।
-संजय कुमार।
मेरा काम वीआईपी रोड पर फील्ड में घूमने का है, इसलिए आवाजाही ज्यादा रहती है। एप्पल हाइट चौक के पास दुकानदार शाम को काउंटर और कुर्सियां लगाकर अतिक्रमण कर लेते हैं, जिस कारण भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ता है।
-विक्की
कोट्स ...
मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों को दे दी है और जल्द ही अधिकारियों से आदेश लेकर वीआईपी रोड पर मुहिम चलाकर दुकानदारों द्वारा किए अतिक्रमण को हटाया जाएगा।
-संतोष कुमारी, सेनेटरी इंस्पेक्टर, नगर काउंसिल जीरकपुर।