भीख से एकत्र होने वाले चंदे से की जाएगी सफाई
समाजसेवी ने भेजा राहुल को मैसेज, खिलाड़ी हो रहे हैं परेशान
अमर उजाला ब्यूरो
मोहाली। कांग्रेस प्रधान राहुल गांधी की जिस सेक्टर-78 स्थित स्पोर्ट्स स्टेडियम में कांग्रेस पार्टी का समागम हुआ था, उसमें एक सप्ताह बीत जाने के बाद भी स्टेडियम की सफाई नहीं हुई है। इस मामले को लेकर एक समाजसेवी ने राहुल गांधी को मैसेज भेजकर ग्राउंड की हालत के बारे में बताया है। साथ ही कहा है कि तुरंत स्टेडियम की सफाई करवाई जाए क्योंकि इसकी वजह से खिलाड़ियों को काफी दिक्कत उठानी पड़ रही है। अगर जल्द ही यह सफाई नहीं करवाई गई तो आपका पुतला बना कर और भीख मांग कर जो चंदा इकट्ठा होगा उससे स्टेडियम के ग्राउंड की सफाई करवाई जाएगी।
जानकारी के मुताबिक गत सोमवार को सेक्टर-78 स्थित स्पोर्ट्स स्टेडियम में कांग्रेस पार्टी की ओर से समागम करवाया गया था, जिसमें कांग्रेस के प्रधान राहुल गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह समेत कांग्रेस के कई दिग्गज नेता इसमें शामिल हुए थे। समागम से दो दिन पहले जहां स्टेडियम को खिलाड़ियों के प्रेक्टिस करने पर प्रतिबंध लगाया गया था, वहीं समागम के बाद आज एक हफ्ता बीत जाने के बावजूद वहां पर सफाई नहीं करवाई गई है, जिससे स्टेडियम में प्रेक्टिस के लिए आने वाले खिलाड़ियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं खिलाड़ी स्टेडियम के अंदर बने ग्राउंड में प्रेक्टिस सही ढंग से नहीं कर पा रहे हैं। क्योंकि समागम के बाद ग्राउंड में गंदगी के ढेर लगे है। रविवार को इस मामले में एक समाजसेवी सतनाम दांऊ ने इस स्टेडियम के अंदर बने ग्राउंड की स्थिति के बारे राहुल गांधी को मैसेज भेजा है, जिसमें उन्होंने कहा है कि अगर इस ग्राउंड की सफाई न हुई तो उनको मजबूरन आपका पुतला बना कर भीख मांगनी पड़ेगी और जो चंदा भीख से एकत्र होगा उससे वह स्टेडियम की सफाई करवाएंगे।