सरकारी स्कूल के खेल मैदान की हालत खराब, धरने पर बैठे पूर्व पार्षद
मास्टर विपिन थम्मन स्कूल के बाहर एक सप्ताह देंगे धरना
लंबे समय से स्कूल के मैदान की हालत सुधारने की कर रहे हैं मांग
आरोप- प्रिंसिपल नहीं दे रहे स्कूल की ओर ध्यान
अमर उजाला ब्यूरो
डेराबस्सी।
सरकारी गुरनाम सिंह सैनी सीनियर सेकेंडरी स्कूल के खस्ताहाल खेल मैदान की हालत सुधारने की मांग को लेकर पूर्व पार्षद मास्टर विपिन थम्मन वीरवार को धरने पर बैठ गए। उन्होंने स्कूल के बाहर सुबह दस बजे से लेकर दोपहर तीन बजे तक धरना दिया। पूर्व पार्षद ने एलान किया कि वह इस मांग को लेकर एक सप्ताह तक रोजाना स्कूल के बाहर धरना देंगे। अगर इसके बावजूद शिक्षा विभाग हरकत में नहीं आया तो वह शहरवासियों को साथ लेकर अगले संघर्ष की तैयारी करेंगे।
पूर्व पार्षद ने कहा कि इलाके का सबसे पुराने स्कूल में बड़ी संख्या में बच्चे पढ़ने आते हैं। सरकारों की ओर से इस स्कूल के विकास की ओर ध्यान नहीं दिया गया। किसी समय स्कूल का मैदान काफी प्रसिद्ध था। स्कूल के मैदान में छात्र व इलाके के बच्चे खेल खेलते थे। लेकिन पिछले कुछ समय से अध्यापकों की लापरवाही के कारण स्कूल के खेल मैदान की हालत खस्ता हो गई है।
पानी सप्लाई के लिए मैदान में लगाया नया ट्यूबवेल
स्कूल के मैदान में नई इमारत बना दी गई और कुछ समय पहले नगर परिषद ने पानी की सप्लाई करने के लिए नया ट्यूबवेल स्कूल के मैदान में लगा दिया। इस कारण आधे से ज्यादा मैदान खराब हो गया। जो मैदान बचा है, उसमें नियमित सफाई नहीं होती है। इस कारण उसमें बड़ी- बड़ी झाड़ियां उग गई हैं। जिस कारण स्कूल के बच्चे व अन्य युवा खेलने से वंचित हो गए हैं। शहर में एकमात्र स्कूल का मैदान था, जहां अलग-अलग खेलों के टूर्नामेंट सहित बड़ी संख्या में युवा खेलते थे। लेकिन स्कूल के मैदान की खस्ता हालत ने खेल प्रेमियों को भारी ठेस पहुंचाई है। शहरवासियों सहित पूर्व पार्षद विपिन थम्मन लंबे समय से इसको सुधारने की मांग कर रहे हैं, लेकिन इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा।
इस कारण पूर्व पार्षद थम्मन ने सात दिसंबर को एक हफ्ते तक स्कूल के बाहर धरना देने की चेतावनी दी थी। उनकी चेतावनी की ओर किसी ने ध्यान नहीं दिया। इसके बाद विपिन थम्मन ने वीरवार सुबह दस बजे से अपना एक सप्ताह का धरना शुरू कर दिया।
समाजसेवी संस्थाओं ने किया सहयोग का एलान
पूर्व पार्षद के धरने को शहरवासियों का भारी समर्थन मिल रहा है। पूर्व पार्षद के धरने की सोशल मीडिया पर चर्चा रही। स्कूल के पूर्व छात्र व अन्य खेल प्रेमियों व समाजसेवी संस्थाओं ने सहयोग देने का एलान करते हुए शुक्रवार से धरने में शामिल होने का भरोसा दिया है। इस बारे में जब स्कूल प्रिंसिपल अल्का मोंगा के मोबाइल पर संपर्क किया गया तो पर उन्होंने फोन नहीं उठाया।
कैपशन-पूर्व पार्षद विपिन थम्मन स्कूल के बाहर धरना देते हुए।