लालडू। जीरकपुर-अंबाला हाईवे पर स्थित गांव लैहली के निकट चोरों ने अपोलो टायर कंपनी की एक दुकान का शटर तोड़ कर करीब दस लाख रुपये के 300 टायर चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गुरु रामदास टायर कंपनी लैहली के मालिक तरसेम सिंह ने बताया कि उन्होंने अपोलो विकास केंद्र के नाम से डीलरशिप ली हुई है और वह अपोलो कंपनी के टायर सबडिवीजन डेराबस्सी में सप्लाई करते हैं।
बीते शुक्रवार की रात को चोरों ने उनकी दुकान का शटर तोड़कर वहां रखे मोटरसाइकिल, कार, टाटा मैजिक गाड़ी के करीब 300 टायर चोरी कर लिए, जिनकी कीमत करीब दस लाख रुपये है। उन्होंने बताया कि यह घटना करीब रात 12 से 1 बजे के बीच हुई है। चोरों ने बिजली की लाइन काटी, कैमरे तोड़ दिए और एक ट्रक में माल भरकर ले उड़े। उन्होंने 26 अगस्त को ही दुकान में नए टायरों का स्टॉक मंगवाया था और दो दिन बाद ही चोरी हो गई।
पुलिस चौकी नाहर के इंचार्ज हरकेश सिंह ने बताया कि पुलिस सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है और मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। जल्दी ही चोरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।