चंडीगढ़। सेक्टर-11 थाना पुलिस ने एक ऐसे जालसाज को गिरफ्तार किया है जो ट्रैफिक चालान और फाइनेंस कंपनियों द्वारा गाड़ी उठाए जाने से बचने के लिए ऑटो पर जाली नंबर लगाकर घूम रहा था। पकड़े गए आरोपी की पहचान सेक्टर-25 के रहने वाले प्रदीप (28) के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, इलाके में आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से सेक्टर-11 थाना पुलिस ने बुधवार शाम 6 बजे सेक्टर-25 स्थित श्मशान घाट के पास नाका लगाया था। नाके पर पुलिस आने-जाने वाले वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान जब एक ऑटो चालक को रोककर जब कागजात मांगे गए तो पता चला कि ऑटो पर लगा नंबर जाली है।
मामले में पुलिस ने जब आरोपी चालक से सख्ती से पूछताछ की तो पता चला कि उसने यह ऑटो किसी और से खरीदा है। ऑटो लोन पर है, जिसकी किस्तें जमा नहीं हो रहीं। इसके चलते फाइनेंस कंपनी की ओर से ऑटो को उठाने का डर बना रहता है। साथ ही ट्रैफिक चालान से बचने के लिए आरोपी ने जाली नंबर लगा रखा था। मामले में सेक्टर-11 थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। हालांकि बाद में उसे जमानत पर रिहा कर दिया गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।