डेराबस्सी। केंद्र सरकार ने पंजाब में कोरोना वैक्सीन बांटने के लिए भारत विकास परिषद का चुनाव किया है। डेराबस्सी में भारत विकास परिषद ने इसके लिए तैयारियां शुरु कर ली हैं। परिषद ने इस संबंधी अपने स्तर पर बैठक करते हुए इसको बांटने को लेकर रणनीति तैयार की है। परिषद की ओर से वैक्सीन को अपने स्तर पर बांटने के लिए 25 ग्रुप तैयार किए हैं।
भारत विकास परिषद के पदाधिकारी बरखा राम ने बताया कि भारत विकास परिषद को कोरोना वैक्सीन के वितरण के लिए भारत सरकार की ओर से चुना गया है। इसके तहत भारत विकास परिषद ने वैक्सीन बांटने के लिए अपने स्तर पर 25 ग्रुप बनाएं हैं। एक ग्रुप में पांच से छह व्यक्ति शामिल रहेंगे। इस कार्य में उनके साथ श्री सनातन धर्म प्रचार सभा, श्री रामलीला कमेटी, राष्ट्रीय हिंदू शक्ति संगठन पंजाब को भी अपने साथ लगाया है।
इन संस्थाओं के तकरीबन 20 से 22 सदस्य भारत विकास परिषद के साथ जुड़कर कोरोना वैक्सीन को डेराबस्सी के इलाके में बांटेंगे। उन्होंने बताया कि यह कोरोना वैक्सीन पहले सिविल अस्पताल में पहुंचेंगी जिसके बाद इसको पूरे इलाके में बांटने, टीकाकरण के लिए भारत विकास परिषद डेराबस्सी के अलावा यह समाज सेवी संस्थाएं भी साथ देंगी। इस मौके पर परिषद के कैशियर भूषण जैन व संयोजक उपेश बंसल भी उपस्थित थे।