मोहाली। फेज-3बी2 में एक व्यक्ति से उसके बेटे को कनाडा का स्टडी वीजा लगवाने के नाम पर तीन लोगों ने 2.38 लाख रुपये ठग लिए। आरोपियों की पहचान गौरव तलवार, सुभाष महाजन और नतिंदर कुमार निवासी स्टेलिंग अब्रॉड सर्विस फेज-3बी2 के रूप में हुई है। मटौर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हरजीत सिंह निवासी गांव रोहाटविंड, जिला अमृतसर ने पुलिस को शिकायत दी कि वह अपने बेटे साहिल प्रीत सिंह को कनाडा में स्टडी वीजा पर भेजना चाहता था। इसके लिए उसने उक्त आरोपियों को 2.38 लाख रुपये दिए। बाद में आरोपियों ने न तो उनके बेटे को विदेश भेजा और न ही उनके दिए रुपये उन्हें वापस लौटाए। इस तरह उन्होंने मिलकर उसके साथ 2.38 लाख रुपये की ठगी की है। इस संबंधी एसएसपी कार्यालय को शिकायत दी गई और इसके बाद जांच पूरी होने पर एसएसपी डॉ. संदीप गर्ग ने डीए लीगल की सलाह लेकर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज करने का आदेश दिया।
विवादों में रह चुकी है स्टेलिंग अब्रॉड सर्विस कंपनी
जानकारी के मुताबिक फेज-3बी2 में स्थित स्टेलिंग अब्रॉड सर्विस कंपनी पहले भी विवादों में रही है। उसके खिलाफ काफी शिकायतें मिली थीं। इसके बाद एडीसी ने 90 दिन के लिए कंपनी का लाइसेंस रद्द किया था। इसके बाद फिर से कंपनी ने काम शुरू कर दिया और अब फिर से विदेश भेजने के नाम पर ठगी की शिकायतें आ रही हैं।
कंपनी के दफ्तर में लड़की ने आत्महत्या के लिए पी लिया था फिनाइल
कुछ महीने पहले उक्त कंपनी ने विदेश भेजने के नाम पर एक लड़की के साथ ठगी की थी। इसके बाद कंपनी ने न तो लड़की को विदेश भेजा और न ही उसके पैसे लौटाए। इससे दुखी होकर उस लड़की ने दफ्तर में आकर पैसे वापस मांगे तो उसको नहीं दिए गए। इसके बाद लड़की ने दफ्तर में ही फिनाइल पीकर जान देने की कोशिश की थी। इसके बाद उसे निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया और फिर कंपनी ने पैसे देकर मामला रफा-दफा करवाया था।