मोहाली। बलौंगी पुल के नीचे तेज रफ्तार एक्टिवा की चपेट में आए 22 वर्षीय युवक सुुभाष की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के रिश्तेदार राजनाथ सिंह के बयान पर अज्ञात एक्टिवा चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
राजनाथ सिंह ने पुलिस को बताया कि 16 सितंबर की सुबह करीब आठ बजे वह सुुभाष के साथ पैदल फेज-2 मोहाली के लेबर चौक की ओर जा रहे थे। बलौंगी पुल के नीचे पीछे से तेज रफ्तार एक्टिवा ने सुुभाष को टक्कर मार दी। वह सड़क पर गिरकर बिजली के खंभे से जा टकराया और सिर में गंभीर चोट लगी। हादसे के बाद चालक एक्टिवा लेकर फरार हो गया। राजनाथ सिंह के अनुसार एक्टिवा सफेद रंग की थी और वह चालक को सामने आने पर पहचान सकते हैं।
राहगीरों की मदद से सुुभाष को जीएमसीएच-32 चंडीगढ़ ले जाया गया, जहां से पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया। 21 सितंबर को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। जांच अधिकारी जगजीत सिंह के अनुसार केस दर्ज कर एक्टिवा नंबर के आधार पर चालक की तलाश की जा रही है।