-डेयरी विकास विभाग की तरफ से लगाए जा रहे ट्रेनिंग शिविर
- अब तक 533 लोगों को दी जा चुकी है ट्रेेनिंग, लोगों को मिलेगा फायदा
अमर उजाला ब्यूरो
मोहाली। बेरोजगारों को ट्रेनिंग देकर डेयरी विकास विभाग रोजगार मुहैया करवा रहा है। छोटे किसानों को फसली चक्र से बाहर निकाल आमदनी बढ़ाने के लिए भी डेयरी विभाग प्रयासरत है। इसी कड़ी में अलग-अलग ब्लाकों में लगाए गए कैंपों में डेयरी विभाग 533 लोगों को प्रशिक्षण दे चुका है। इस संबंध में जानकारी देते हुए डीसी गुरप्रीत कौर सपरा ने बताया कि डेयरी विभाग की ओर से जिले में दो हफ्ते के डेयरी ट्रेनिंग के 17 बैच लगाए गए हैं। इसमें 115 बेरोजगारों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। इसी तरह 4 हफ्ते की ट्रेनिंग के 5 बैच चलाए जा रहे हैं। इसमें पशुओं की संभाल, फीड मैनेजमेंट, टीके लगाने सहित मार्किटिंग संबंधी जानकारी दी जाती है। इसमें 33 दुग्ध उत्पादकों को विशेष प्रशिक्षण भी दिया गया। डीसी ने बताया कि प्रशिक्षण के बाद 86 दुग्ध उत्पादकों को भैंसें और गायें खरीद अपना धंधा शुरू करने के लिए डेयरी लोन भी दिलाए गए। उन्होंने बताया कि चालू वित्त वर्ष दौरान डेयरी विभाग की तरफ से 86 डेयरी यूनिट स्थापित करवाए गए। इसमें सामान्य वर्ग के लिए 25 प्रतिशत और अनुसूचित वर्ग के लिए 33 प्रतिशत सब्सिडी दी गई है। दूध के सीधे मंडीकरण के लिए बलजिंदर सिंह द्वारा मिल्क वैंडिग यूनिट खरीदी गई, जिस पर विभाग की तरफ से 50 फीसदी सब्सिडी दी गई है। इस मशीन का उद्घाटन पशु पालन और डेयरी विकास मंत्री बलबीर सिंह सिद्ध़ू ने किया था।