मोहाली। तीसरे अंतरराष्ट्रीय पंजाबी भाषा ओलंपियाड–2025 में 20,327 परीक्षार्थियों ने दूसरे चरण के लिए क्वालीफाई किया है। पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड (पीएसईबी) ने पहले चरण का परिणाम जारी करते हुए बताया कि कुल 1,16,207 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी, जिनमें से निर्धारित मानदंडों के आधार पर इन छात्रों को अगले चरण के लिए चुना गया है। पहले चरण की परीक्षा 5 से 8 दिसंबर 2025 के बीच आयोजित हुई थी। इसका परिणाम बोर्ड के ओलंपियाड पोर्टल पर उपलब्ध है। प्राइमरी वर्ग में 8,098 छात्र, मिडल वर्ग में 4,967 छात्र, सैकेंडरी/सीनियर सैकेंडरी वर्ग में 7,262 छात्र पास हुए। क्वालीफाई विद्यार्थियों के लिए दूसरा चरण 15 दिसंबर को आयोजित किया जाएगा। परीक्षा सुबह 7 बजे से शाम 7 बजे तक ऑनलाइन मोड में चलेगी। विद्यार्थी निर्धारित समय में ओलंपियाड पोर्टल पर लॉग इन कर परीक्षा दे सकेंगे।