मोहाली। वर्ष-2025 के दौरान जिले में गैंगस्टरों के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपनाकर कई बड़ी कार्रवाइयों को अंजाम दिया है। मोहाली में पुलिस और बदमाशों के बीच सात एनकाउंटर हुए। इसमें 10 गैंगस्टरों को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक आरोपी पुलिस मुठभेड़ में मारा गया। इन कार्रवाइयों के दौरान कम से कम सात गैंगस्टरों को गोली लगी। अधिकतर को पैर में गोली मारकर काबू किया गया। नवंबर 2025 में डेराबस्सी क्षेत्र में लॉरेंस बिश्नोई गैंग के बदमाशों के साथ दो अलग-अलग मुठभेड़ हुईं।
पहली मुठभेड़ में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई कर दो गैंगस्टरों को पैर में गोली मारकर गिरफ्तार किया। कुछ दिन बाद हुई दूसरी कार्रवाई में चार और गैंगस्टर दबोचे गए। इसमें से दो घायल हुए। आरोपियों के पास से अवैध हथियार और कारतूस भी बरामद किए गए। दिसंबर माह में खरड़ इलाके में लक्की पटियाल गैंग के एक सहयोगी ने पुलिस पार्टी पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हुआ और उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। सबसे बड़ी कार्रवाई 17 दिसंबर 2025 को सामने आई। कबड्डी प्रमोटर राणा बलाचौरिया हत्याकांड के मुख्य आरोपी को सोहाना क्षेत्र में पुलिस एनकाउंटर में मार गिराया गया।
इस मुठभेड़ के दौरान दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए, जिनमें एक मुलाजिम को उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई लेकिन दूसरा घायल अभी भी अस्पताल में उपचाराधीन है। इसके अलावा मोहाली और एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) की संयुक्त कार्रवाई में लॉरेंस और गोल्डी ढिल्लों गैंग से जुड़े दो और सक्रिय बदमाशों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार इन एनकाउंटरों और गिरफ्तारियों से जिले में संगठित अपराध पर बड़ा अंकुश लगा है। पुलिस का कहना है कि आने वाले समय में गैंगस्टर नेटवर्क को पूरी तरह खत्म करने के लिए ऐसे अभियान और तेज किए जाएंगे।
सालभर में हुई मुठभेड़ और गिरफ्तार आरोपी
-1 मार्च 2025 को गोल्डी बराड़ गैंग के मलकीयत का एनकाउंटर
-16 अप्रैल 2025 को गोल्डी बराड़ व भानू राणा गैंग से जुड़े कार्तिक का घोलूमाजरा के पास एनकाउंटर
-5 अगस्त 2025 को गुलाबगढ़ रोड पर बिश्नोई ग्रुप के इनामी गैंगस्टर सुमित को गोली मारकर गिरफ्तार किया
- 12 नवंबर 2025 को लॉरेंस व गोल्डी से जुड़े दो सदस्य शरणजीत व अमन को घग्गर नदी किनारे गोली मार जख्मी किया
- 17 नवंबर 2024 को लैहली के पास क्राइम आरोपी सतिंदर को गोली मार अरेस्ट किया
-27 नवंबर 2025 को एसएसएल टावर्स के पास लॉरेंस गैंग से जुड़े हरविंदर व समीर का एनकाउंटर, दो पुलिस कर्मी जख्मी
-17 दिसंबर 2025 को बंबीहा गैंग के डोनी बल से जुड़े हरपिंदर की एनकाउंटर में मौत, दो पुलिस जवान भी जख्मी