मोहाली। जिले में रेत, बजरी, स्टोन क्रशर और गैरकानूनी माइनिंग रोकने के लिए अब स्पेशल नाके लगाने का फैसला लिया है। इसके लिए विभिन्न विभागों के स्टाफ की ड्यूटी जिला प्रशासन की तरफ से लगाई गई है जो रोजाना रात को चेकिंग पर जाएंगे। साथ ही रोजाना अपनी रिपोर्ट जिला प्रशासन को भेजेंगे। डीसी गुरप्रीत कौर सपरा ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि चेकिंग की रिपोर्ट फोटोग्राफ की हार्ड कॉपी के रूप में विभाग के दफ्तर को मेल पर भेजी जाएगी। चेकिंग संबंधी उपमंडल मजिस्ट्रेट अपने-अपने सबडिवीजन के ओवरऑल इंचार्ज होंगे। एईटीसी व कार्यकारी इंजीनियर उनके विभागों के लगाए गए स्टाफ को मॉनिटर करने के जिम्मेदार होंगे। वहीं, संबंधित डीएसपी चेकिंग के लिए बनाई गई टीमों की निगरानी करेंगे। साथ ही एसडीएम के साथ तालमेल करेंगे।
डीसी ने कहा कि जब भी यह टीमें चेकिंग के लिए जाएंगी, उस समय वह संबंधित थाने के अफसरों व एसडीएम को सूचित करेंगी। इसके अलावा माइनिंग विभाग के अधिकारी इस बात को यकीनी बनाएं कि चेकिंग के बाद नाजायज चलती मशीनों टिप्पर आदि को कब्जे में लिया जाएगा। साथ ही एफआईआर दर्ज की जाए। माइनिंग के नाकों की वीडियोग्राफी व फोटोग्राफी भी करवाई जाएगी।
जिक्रयोग है कि अमर उजाला द्वारा 26 अप्रैल के अंक में जिले में चल रहे अवैध माइनिंग पर एक ग्राउंड रिपोर्ट पुलिस प्रशासन चुनाव में व्यस्त, माफिया अवैध खनन में शीर्षक से छापी थी। मामला छपने के अधिकारियों का इस तरफ ध्यान आया, जिसके बाद अब शेड्यूल जारी किया गया है।