मोहाली। सेक्टर-123, 124 और 125 के हजारों निवासी 200 फीट गमाडा गटर प्लान रोड के निर्माण को लेकर एक बार फिर एकजुट होकर सड़कों पर उतर आए। क्षेत्र की 25 से अधिक आरडब्ल्यूए और मार्केट एसोसिएशंस ने 200 फीट मास्टर प्लान रोड संघर्ष समिति के बैनर तले दारा स्टूडियो से खानपुर तक 200 फीट मास्टर प्लान रोड के निर्माण की मांग को जोरदार तरीके से उठाया। निवासियों ने बताया कि 20 हजार से अधिक परिवारों ने अपनी जीवनभर की कमाई इसी प्रस्तावित सड़क पर घर बनाने में खर्च कर दिया है। बिल्डर्स और प्रॉपर्टी डीलरों ने भी प्लॉट और कॉलोनियां इसी 200 फीट मास्टर प्लान रोड का हवाला देकर बेचीं। करोड़ों रुपये निवेश होने के बावजूद यह सड़क आज तक नहीं बन सकी, जबकि घर, मार्केट और शो-रूम इसी प्रस्तावित रोड के किनारे विकसित हो चुके हैं। संघर्ष समिति के कार्यक्रम में सांसद एमएस कंग पहुंचे और उन्होंने लोगों की समस्याएं सुनीं। सांसद ने आश्वासन दिया कि 200 फीट गमाडा मास्टर प्लान रोड का निर्माण कार्य जल्द शुरू कराया जाएगा। संघर्ष समिति ने अध्यक्ष मनिंदर प्रीत सिंह और महासचिव अंतर सिंह बराड़ के नेतृत्व में सड़क न बनने से उत्पन्न हो रही आम समस्याओं को सांसद के सामने विस्तार से रखा। निवासियों ने बताया कि सड़क न होने से उन्हें रोजमर्रा में बड़ी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसमें बार-बार होने वाली दुर्घटनाएं, बरसात में पानी भरना, टूटी सड़कों और धूल से स्वास्थ्य समस्याएं, लंबा रास्ता तय करने की मजबूरी, पब्लिक ट्रांसपोर्ट का अभाव, एम्बुलेंस और फायर ब्रिगेड जैसी सेवाओं का देर से पहुंचना आदि शामिल है
निवासियों ने जताई नाराजगी
रेजिडेंट वेलफेयर और मार्केट एसोसिएशंस ने कहा कि बिल्डर्स ने 200 फीट मास्टर प्लान रोड की पक्की कनेक्टिविटी दिखाकर लोगों को गुमराह किया। गमाडा मास्टर प्लान पर भरोसा करके घर बनाने वाले लोग आज अपने आपको ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं, क्योंकि यह सड़क अब तक धरातल पर नहीं उतरी। निवासियों ने बताया कि दारा स्टूडियो से खानपुर तक 200 फीट गमाडा मास्टर प्लान रोड बनने से हजारों निवासियों व यात्रियों को राहत मिलेगी। गोपाल स्वीट्स चौक और निज्जर चौक पर ट्रैफिक जाम कम होगा। गांव झुंगिया, जंडपुर, हलालपुर, भुकरी और सेक्टर 123, 124, 125 के लिए बेहतर वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध होगा। इस बैठक में 25 से अधिक आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों ने भाग लिया और क्षेत्र की सामूहिक समस्याओं को संयुक्त रूप से रखा।