नाइपर में शहीदों को श्रद्धांजलि देकर शुरू हुआ स्थापना दिवस समारोह
- नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मास्यूटिक एजुुुकेशन एंड रिसर्च में था समागम
समारोह में कई हस्तियां हुईं शामिल, फार्मास्यूटिकल के क्षेत्र पर हुआ मंथन
अमर उजाला ब्यूरो
मोहाली। नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मास्यूटिक एजुुुकेशन एंड रिसर्च (नाइपर) में शुक्रवार को स्थापना दिवस समारोह मनाया गया। इसकी शुरुआत आतंकी हमले में शहीद हुए जवानों को श्रद्धांजलि देकर हुई। सभी ने दो मिनट का मौन रखा। समारोह में एसीजी वर्ल्डवाइड के अध्यक्ष एवं संस्थापक, (एसोसिएटेड कैप्सूल ग्रुप) मुंबई अजीत सिंह मुख्यातिथि थे जबकि निदेशक सीएसआईआर सूक्ष्मजीव प्रौद्योगिकी संस्थान (सीएसआईआर इमटेक) डॉ. अनिल कॉल सम्माननीय अतिथि थे।
मेजबान संस्थान के डायरेक्टर प्रो. रघुराम राव अक्किनेपल्ली ने संस्थान की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। एसीजी के संस्थापक अजीत सिंह ने कहा कि उन्होंने एक विशेषज्ञ सदस्य के रूप में अंतर्राष्ट्रीय फार्मास्यूटिकल फेडरेशन (एफआईपी) के फार्मास्युटिकल साइंसेज के बोर्ड में काम किया है। उन्हें इंटरनेशनल बोर्ड ऑफ कंट्रोल्ड रिलीज सोसाइटी, यूएसए में भी नामांकित किया गया था। एसीजी दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा निर्माता है जो खाली हार्ड-शेल कैप्सूल बनाता है। एसीजी समूह दवा उद्योग के लिए विनिर्माण, पैकेजिंग, अनुसंधान और विकास सेवाएं प्रदान करता है। वहीं, डॉ. अनिल कौल ने ग्लोबल पब्लिक हेल्थ स्पेस में इनोवेशन पर चर्चा की। उन्होंने छात्रों को सफलता की महत्वपूर्ण सलाह दी। उन्होंने कहा कि इन दिनों चीजें इतनी तेजी से आगे बढ़ रही हैं कि किसी के विचारों का पालन करने के बजाय जब तक आप अपने खुद के नए विचारों को प्रस्तुत नहीं करते हैं, तब तक आप अपने नवाचारों में कभी भी सफल नहीं होंगे।
चीन का खतरा यहां भी बरकरार
मुख्य मेहमान अजीत ने भारतीय फार्मास्यूटिकल उद्योग और विज्ञान की समीक्षा की जिसमें उद्योग की ताकत और कमजोरियों पर चर्चा हुई। उन्होंने चीन की उभरती स्थिति के बारे में भी अवगत करवाया। जो विश्व जेनेरिक बाजार में भारत की पूर्व-प्रतिष्ठित स्थिति के लिए खतरा हो सकता है। इस दौरान सामान्य विज्ञान क्विज में रंजना जैन ने छात्र वर्ग में व डॉ. राजदेओ कुमार ने कर्मचारी वर्ग में पुरस्कार प्राप्त किया। संजय सामल व अनिल गुप्ता सामान्य ज्ञान के विजेता रहे। नवीन सिंह, जाह्नवी वधावन और दीपिका पटेल की टीम ने 19 नवंबर 2018 को ऑनलाइन फार्मेसीज चुनौतियां और अवसर विषय पर आयोजित नेशनल फार्मेसी वीक वाद विवाद प्रतियोगिता के विजेता रहे। समीमा सतर्कता जागरूकता सप्ताह पर आयोजित निबंध प्रतियोगिता की विजेता रहीं। वहीं, समीमा, हिमानी मात्रे और किरण शिंदे को कई अन्य प्रतियोगिताओं के लिए भी सम्मानित किया गया।