- नगर निगम की मीटिंग पार्कों संबंधी टेबल प्रस्ताव पास
- पौधों से पेड़ों की सुंदरता पर लग रहा था ग्रहण, नहीं हो रही थी संभाल
अमर उजाला ब्यूरो
मोहाली। भले ही पंजाब सरकार तंदुरुस्त पंजाब मुहिम के तहत प्रत्येक व्यक्ति को पौधे लगाने के लिए प्रेरित कर रही है, लेकिन अब मोहाली में शहर में पौधे लगाने की राह आसान नहीं रह गई है। लोगों को पौधे लगाने से पहले नगर निगम से अनुमति लेनी होगी। इसके बाद ही आगे की कार्रवाई हो पाएगी। इस संबंधी हाउस की मीटिंग में टेबल आइटम लाई गई थीं, जिसे सर्वसम्मति से पास कर दिया गया है।
जानकारी के मुताबिक नगर निगम की मीटिंग में नगर निगम के बागबानी विभाग की तरफ से तैयार की गई रिपोर्ट दी गई थी। इसमें बताया गया है कि लोगों द्वारा वन महोत्सव संबंधी समागम मनाए जाते हैं। इस दौरान लोगों द्वारा घरों के आसपास के एरिया में स्थित पार्कों में पौधे लगाए जाते हैं, लेकिन इससे पार्कों की खूबसूरती पर ग्रहण लग जाता है। कई बार तो पेड़ तारों आदि के लिए मुसीबत बन जाते हैं। इतना ही नहीं इस बात को लेकर झगड़े तक हो गए हैं। इसके बाद अधिकारियों द्वारा यह मामला उच्च अधिकारियों के सामने लाया गया था, जिसके बाद शुक्रवार को हाउस की मीटिंग में यह टेबल एजेंडा लाया गया। इसे सर्वसम्मति से इसे पास कर दिया गया। वहीं, अब इसे मंजूरी के लिए सरकार को भेज दिया जाएगा। जैसे ही वहां से मंजूरी मिलेगी, उसके बाद ही वहां पर पौधे लगा पाएंगे।