गोल्ड समेत तीन मेडल जीते हैं संस्थान के छात्रों ने
खिलाड़ियों के प्रदर्शन से कोच व अन्य खिलाड़ी भी हैं उत्साहित
अमर उजाला ब्यूरो
मोहाली। पुणे में चल रहे खेलो इंडिया यूथ गेम्स में फेज-नौ स्थित पंजाब इंस्टीट्यूट ऑफ स्पोट्रर्स के मुक्केबाजों ने शहर के साथ प्रदेश का नाम रोशन कर दिया है। मुक्केबाजी चैंपियनशिप मे संस्थान की एक महिला खिलाड़ी ने गोल्ड व दो ने ब्रांज मेडल अपने नाम किए हैं। जबकि पंजाब के कुल छह खिलाड़ियों ने मेडल जीते हैं। संस्थान के कोच व खिलाड़ी जीत से काफी उत्साहित है। उनका कहना है कि यह प्रदर्शन आगे भी जारी रहेगी।
जानकारी के मुताबिक खेलो इंडिया खेलो प्रतियोगिता में फेज-नौ स्थित पंजाब इंस्टीट्यूट ऑफ स्पोर्ट्स के खिलाड़ियों ने कोच सुरिंदर कौर की अगुवाई में शामिल हुए थे। टीम में लड़के और लड़कियां दोनों शामिल थी। भार वर्ग 48 में एकता सरोज ने गोल्ड मेडल अपने नाम किया। इसी तरह 54 किलोग्राम भार वर्ग में हरप्रीत कौर ने सिल्वर और 69 किलोग्राम भार वर्ग में प्रलाद सिंह ने ब्रांज मेडल जीतकर अपना नाम रोशन किया है। इसके अलावा पंजाब के तीन अन्य खिलाड़ियों ने भी मेडल जीते हैं। 54 किलोग्राम भार वर्ग में पूनम ने सिल्वर, 57 किलोग्राम भार वर्ग मनदीप कौर ने ब्रांज मेडल व 54 किलोग्राम भार वर्ग में अभिनव जामवाल ने ब्रांज मेडल जीता है। वहीं, विजेता टीम अब मोहाली पहुंचने वाली है। शहर में इसको लेकर तैयारियां शुरू हो गई है। वहीं, उम्मीद है कि इससे अन्य बच्चों को भी प्रेरणा मिलेगी। जिक्रयोग है कि इससे पहले विश्व चैंपियनशिप में भी पंजाब इंस्टीट्यूट ऑफ स्पोर्ट्स में मोहाली के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन रहा था। शहर की बेटी ने चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतकर पूरी दुनिया में मोहाली का लोहा मनवाया था।