ड्यूटी टाइम में नशा किया तो पुलिस मुलाजिमों की खैर नहीं
- डेराबस्सी थाने में हुई घटना के बाद जिला पुलिस हुई सक्रिय
- सभी थानों के एसएचओ को पुलिस ने दिए सख्त आदेश
- मुलाजिम ड्यूटी के दौरान नहीं करेंगे नशा, एसएचओ रखेंगे नजर
अमर उजाला ब्यूरो
मोहाली। डेराबस्सी थाने में शराब के नशे में टल्ली मुंशी द्वारा गोली चलाकर अपने ही साथी पुलिसकर्मी की हत्या करने के मामले को जिला पुलिस ने गंभीरता से लिया है। जिला पुलिस मुख्यालय की तरफ से सभी थानों के एसएचओ को हिदायत दी गई है कि वह इस बात को पुख्ता बनाएं कि ड्यूटी के दौरान कोई मुलाजिम नशा करके न आए। वहीं, कोई भी पुलिसकर्मी ड्यूटी के दौरान शराब या किसी भी तरह का नशा करे तो उस पर तुरंत कार्रवाई की जाए। उन्हें तुरंत लाइनहाजिर से लेकर सस्पेंड करने की कार्रवाई हो। साथ ही इस बारे में पुलिस मुख्यालय को सूचित किया जाए।
जानकारी के मुताबिक डेराबस्सी थाने में कुछ दिन पहले मुंशी ने शराब के नशे में अपने साथी ट्रैफिक इंचार्ज की गोली मारकर हत्या कर दी थी। उस समय आरोपी नशे में था। हालांकि जब बाद में उसका नशा उतरा तो उसने पेशी के समय मीडिया से बातचीत में कबूला कि उसे अपनी गलती का अहसास हो गया है। हालांकि जिस रात यह घटना हुई थी कि उसके बाद ही पुलिस प्रशासन प्लानिंग में जुट गया था कि दोबारा ऐसी स्थिति न बने। इसके चलते तुरंत नशा रोकने संबंधी आदेश दिए गए थे। इसके अलावा मुलाजिमों को साफ कहा गया है कि यदि उनकी ड्यूटी खत्म हो जाती है तो उसके बाद वह अपनी ड्रेस बदलकर अपनी सोशल लाइफ को एंज्वाय करे। ड्यूटी या पुलिस ड्रेस में वह किसी भी तरह का कोई ऐसा काम न करे जिससे पुलिस की छवि पर सवाल उठें।
---बॉक्स
कैमरों को करें दुरुस्त
सभी थानों के एसएचओ को कहा गया है कि वह थानों में लगे कैमरों को दुरुस्त करें। इसके अलावा लाइट को चलाने के पुख्ता इंतजाम करें। बाकायदा बिजली का बेकअप का इंतजाम करें ताकि दोबारा ऐसी स्थिति न बने।