मोहाली। विदेश में नौकरी का झांसा देकर 17 भारतीय युवकों को बंधक बनाने का मामला सामने आया है। एक ट्रैवल एजेंट ने प्रत्येक युवक से 3.30 लाख रुपये लिए और उनके पासपोर्ट जब्त कर लिए। उन्हें खाना भी नहीं दिया गया और बाहर निकलने पर भी रोक लगा दी गई थी। एडीजीपी एनआरआई विंग के आदेश पर दोबारा जांच के बाद ट्रैवल एजेंसी संचालक सहित दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। सरहिंद निवासी हरजिंदर सिंह की शिकायत पर एनआरआई थाना मोहाली में यह केस दर्ज हुआ है। आरोपियों की पहचान लुधियाना के गांव कालख निवासी कुलविंदर सिंह और निर्भय सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों को बीएनएस की धारा 316(2), 318(4) और इमीग्रेशन एक्ट की धारा 24 के तहत नामजद किया है। हरजिंदर ने पुलिस को बताया कि कुलविंदर ने 9 सितंबर 2023 को 17 युवकों को विदेश भेजा था। एजेंट ने 450 यूरो मासिक वेतन और रोजाना आठ घंटे काम का वादा किया था। विदेश पहुंचने पर उन्हें कंपनी में बंधक बना लिया गया। उन्हें न तो तय वेतन मिला और न ही खाने-पीने की उचित व्यवस्था की गई। एयरपोर्ट पर ही उनके पासपोर्ट रख लिए गए और बाहर जाने की अनुमति नहीं दी। संवाद