फेज-3बी1 का कम्युनिटी सेंटर जल्द आएगा निगम के अधीन
कमिश्नर बोले डीसी को लिखा जाएगा पत्र, जल्द ही मिलेगा कम्युनिटी सेंटर
अमर उजाला ब्यूरो
मोहाली।
फेज-3बी1 का कम्युनिटी सेंटर जल्द ही नगर निगम को मिल जाएगा। जिला अदालत से कम्युनिटी सेंटर नगर निगम के अधीन लाने की प्रक्रिया शुुरू हो चुकी है। यह जानकारी सोमवार को हाउस की मीटिंग में कमिश्नर संदीप हंस ने दी। उन्होंने बताया कि इस मामले में उनकी डीसी से बात हो चुकी है। डीसी ने कहा था कि वह खुद इस मामले में जिला सेशन जज से बात करेंगी। ऐसे में उनकी तरफ से डीसी को पत्र लिखा जाएगा। कम्युनिटी सेंटर मिलने के बाद नगर निगम द्वारा उसे रेनोवेट कराया जाएगा। इसे तैयार कर लोगों को समर्पित कर दिया जाएगा।
सोमवार को हाउस की मीटिंग में इस मामले को पार्षद हरमनप्रीत सिंह प्रिंस व अन्य ने उठाया। उन्होंने बताया कि वह कई बार मीटिंग में इस मुद्दे को उठा चुके हैं। पार्षदों की दलील थी कि कम्युनिटी सेंटर न होने के चलते इलाके के लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। लोगों को छोटे-छोटे समागम करने के लिए होटलों में जाना पड़ रहा है। इसके जवाब में कमिश्नर ने कहा कि जल्द ही कम्युनिटी सेंटर नगर निगम के अधीन आ जाएगा।
जिक्रयोग है कि मोहाली 2006 में जिला बना था। इसके बाद कई थाने व अफसर मोहाली शिफ्ट हो गए थे। इस दौरान जिला अदालत फेज-3बी1 स्थित कम्युनिटी सेंटर से शुरू हुई थी। जबकि कुछ कम्युनिटी सेंटरों में थाने चल रहे थे। इसी, बीच कम्युनिटी सेंटरों को खाली करवाने का मामला अदालत पहुंच गया। जिसके बाद अदालत के आदेश पर सभी कम्युनिटी सेंटर खाली हुए। हालांकि अदालत वाला मामला बीच में ही लटक गया था। क्योंकि अदालत की बिल्डिंग नहीं बनी थी।