नयागांव। डीसी गिरीश दयालन को नयागांव वार्ड 5 के लोगों ने अल्टीमेटम देते हुए कहा है कि अगर जल्द ही वाटर सप्लाई विभाग के अधिकारियों ने पानी की समस्या से निजात नहीं दिलाया तो वह मजबूरन 7 जुलाई से धरना प्रदर्शन पर उतर आएंगे। इस शिकायत पत्र में लोगों ने बताया कि पिछले 7-8 हफ्तों से उनके इलाके में पानी नहीं आ रहा है। इस बारे में वाटर सप्लाई विभाग के अधिकारियों समेत कर्मचारियों को बता चुके हैं। पानी की भारी किल्लत के कारण परेशान होकर मजबूरन धरना भी देना पड़ा था। उस दौरान एडमिनिस्ट्रेशन की तरफ से नायब तहसीलदार दीपक और नयागांव थाने के एसएचओ के आश्वासन पर धरना प्रदर्शन खत्म कर दिया था। विभाग की तरफ से कहा गया था कि सात दिनों के अंदर पानी की समस्या दूर हो जाएगी।
उसके बाद इलाके में सिर्फ दो ही दिन पानी आया है। अभी तक इलाके में वहीं पुराने हालात बने हुए हैं। गुजारे के लिए लोगों को पानी के टैंकर मंगवाकर गुजारा करना पड़ रहा है। प्रशासन की इस ढीली कार्रवाई के कारण लोगों में काफी रोष है। वेद शर्मा, प्रीतपाल, गुरदीप, लीला देवी, शोभा रानी समेत अन्य ने बताया कि मोहाली डीसी ने लोगों की समस्या को बड़े ध्यानपूर्वक सुनते हुए आश्वासन दिया कि वह जल्द ही उनकी समस्या का हल निकालेंगे।
पानी की कमी के लिए वाटर सप्लाई डिपार्टमेंट जिम्मेदार
लोगों का कहना है कि हमारी मूलभूत जरूरतों के लिए हर चीज पानी से जुड़ी है। ऐसे में वाटर सप्लाई विभाग इसमें कोताही बरत रहा है। अगर पानी की कमी के कारण नयागांव में किसी के साथ कोई भी हादसा हुआ तो इसका जिम्मेदार वाटर सप्लाई विभाग होगा।