मोहाली। शहर में पानी की समस्या लगातार बढ़ती जा रही है। गर्मी के मौसम में पानी की सप्लाई न होने के कारण शहर निवासियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों को इस मौसम में बूंद-बूंद पानी के लिए तरसना पड़ रहा है।
गांव सोहाना स्थित अकाल आश्रम कालोनी जो जिला प्रबंधकीय कांप्लेक्स से कुछ कदमों पर स्थित है वहां पर पानी की सप्लाई न होने के कारण इलाका निवासियों में काफी रोष है। कालोनी के लोगों ने बताया कि वहां जल सप्लाई विभाग द्वारा पानी की सप्लाई की जाती है, लेकिन उनको तपती गर्मी में पीने वाले पानी के लिए भी तरसना पड़ रहा है।
वहां की रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन की ज्वाइंट सेक्रेटरी सुरजीत कौर ने बताया कि कालोनी के लोग पूरी रात जाग कर पानी की इंतजार करते हैं। कई बार देर रात पानी आता है तो कई बार नहीं आता। अगर पानी आ भी जाए तो वह इतना गंदा होता है कि उसे पीया नहीं जा सकता। जिसके कारण इलाके के लोग काफी परेशान हैं। लोगों को मजबूरी में ज्यादा पैसे खर्च करके बाहर से पानी की टैंकर और बोतलें मंगवाकर गुजारा करना पड़ रहा है।
बाक्स
बिल देने के बावजूद नहीं मिल रहा पानी
अकाल आश्रम कालोनी के निवासियों का कहना है कि वे पानी का बिल भी समय पर देते हैं। बावजूद इसके कालोनी में पानी की समस्या गंभीर बनी हुई है। पानी की सप्लाई नहीं हो रही है और अगर पानी की सप्लाई आती है तो पानी गंदा आता है जिससे बीमारियां फैलने का खतरा बना हुआ है।