कनाडा में डूबा मोहाली का लड़का
- फोटो : अमर उजाला
मोहाली फेज-सात निवासी एक युवक की कनाडा के स्कारबोरो शहर के विशाखा बीच में डूबकर मौत होने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान रूपेश नरूला उर्फ रूबी (25) के रूप में हुई है। रूपेश की तीन महीने पहले ही शादी हुई थी। जैसे ही उसके मरने की खबर शहर पहुंची पूरे इलाके में मातम छा गया।
मृतक रूपेश सोहाना के नरूला टेंट हाउस वालों का बेटा था। वह तीन साल पहले कनाडा के टोरंटो शहर में पढ़ाई के लिए गया था। पढ़ाई पूरी करने के बाद रूपेश ने वहीं नौकरी शुरू कर दी थी। रूपेश के भाई भावेश नरूला ने बताया कि रूपेश का इसी साल मार्च में विवाह हुआ था। पिछले महीने की 20 तारीख को ही रूपेश कनाडा वापस गया था। उसकी पत्नी ने अगले महीने कनाडा जाना था, लेकिन उससे पहले ही यह मामला सामने आया है।
परिजनों के मुताबिक उन्हें पता चला कि रूपेश अपने साथियों के साथ कनाडा डे मनाने के लिए टोरंटो से स्कारबोरो शहर गया था। वहां पर वह नहाने के लिए बीच में गया था। तेज लहरें उसे गहरे पानी में खींचकर ले गईं। वहीं रूपेश डूब गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। उसका शव कॉलिंग वुड अस्पताल में रखवाया गया है।
पिता की मौत के बाद रूपेश ही संभाल रहा था परिवार
परिवार की तरफ से उसकी पार्थिव देह को भारत लाने की कार्रवाई की जा रही है। रूपेश नरूला की अचानक मौत की खबर आने से परिवार में मातम छा गया। उसके घर पर नजदीकी रिश्तेदारों, मोहल्ले वाले व अन्य मेंबरों का तांता लग गया। फेज-सात के पार्षद साहिबी आनंद ने बताया कि रूपेश नरूला हंसमुख स्वाभाव का था। वह सभी के साथ घुल-मिल जाता था। रूपेश के पिता की मौत के बाद अब उसने ही परिवार को संभाला हुआ था। रूपेश की इस तरह मौत होने पर उन्होंने दुख प्रकट किया है।