मोहाली। वातावरण की स्वच्छता व पूरी साफ सफाई के लिए लोगों को गीले व सूखे कूड़े को अलग करने संबंधी जागरूक किया जाए। लोगों को अलग-अलग कूड़ेदान लगाने के महत्व के बारे में समझाया जाए। यह आदेश डिप्टी कमिश्नर गिरीश दियालन ने नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल के सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट संबंधी जारी निर्देशों की पालना को यकीनी बनाने के लिए दिए हैं। इस दौरान वह जिला प्रबंधकीय कांप्लेक्स में अधिकारियों से मीटिंग कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सारे शहर में गीले व सूखे कूड़े की बांट व इसकी डोर टू डोर क्लेक्शन को यकीनी बनाया जाए। साथ ही इस काम को शहर में एक मुहिम की तरह चलाया जाए। इसकी शुरुआत डीसी दफ्तर, एसएसपी दफ्तर, नगर निगम के दफ्तर व एसडीएम के दफ्तर से की जाए। उन्होंने कहा कि उन होटल, रेस्टोरेंट, स्कूल व संस्थाओं की पहचान की जाए, जो कि सबसे अधिक कूड़ा पैदा करते हैं। नगर निगम व नगर काउंसिल के कार्यकारी अफसरों को आदेश दिया है कि निर्माण सामग्री मलबा फेंकने के लिए उचित स्थान निर्धारित किए जाए। साथ ही उचित जगह पर ही मलबा फेंकने को यकीनी बनाया जाए। उन्होंने साफ किया है कि निर्धारित जगह के अलावा कहीं पर भी मलबा न फेंका जाए।